This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

नदी में गिरा ट्रक, 5 लोगों की मौत, ट्रक में सवार होकर शादी में जा रहे थे 43 लोग

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 


दतिया। दतिया में एक मिनी ट्रक नदी में गिर गया। मिनी ट्रक में करीब 43 लोग सवार थे। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। सभी के शव निकाल लिए गए हैं। इनमें 3 शव बच्चों के हैं। 10 लोग गंभीर घायल हैं। 28 को मामूली चोट आई है। हादसा दुरसड़ा थाना अंतर्गत गांव बुहारा में बुधवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। ट्रक पुल पार कर रहा था, तभी बेकाबू होकर पलट गया।
कलेक्टर संजय कुमार ने बताया कि बेटी की शादी के लिए एक परिवार ग्वालियर के भेलेटी गांव से टीकमगढ़ के जतारा गांव जा रहा था। सभी आयशर वाहन में सवार होकर मंगलवार रात को निकले थे। नदी पर नया पुल बन रहा है। आवाजाही के लिए पास ही एक रपटा बनाया गया था। बारिश के कारण रपटे पर एक से दो फीट पानी आ गया था। ड्राइवर ने रपटा क्रॉस करने की कोशिश की। परिवार ने मना भी किया, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। कुछ दूर जाकर ट्रक पलट गया। बता दें, आयशर वाहन ट्रांसपोर्टेशन के लिए अधिकृत नहीं था।
इनके शव मिले- पांचों बाई (60) पति स्व. जगन्नाथ खटीक निवासी बिल्हाठी, ग्वालियर
प्रशांत (17) पिता राधाचरण निवासी बिल्हाठी, ग्वालियर
गुंजन प्रसाद (5) दिलीप खतीक निवासी माहोली, मुरैना
दो सगे भाई यश (7), कायरव (5) पिता पिता भारत सिंह निवासी इंदरगढ़, दतिया
हादसे में ये गंभीर घायल हुए
दुल्हन का भाई अंशु (17) और आकाश, मां ममता (40), बहन आशा (34), मौसी रामवती (60), मामी ममता (43), चाची सत्तो (35), बहन संगीता (28) और जीजा भारत (30)।
दुल्हन के चाचा विष्णु खटीक ने बताया कि भतीजी पूजा की शादी टीकमगढ़ के जतारा में थी। रात में गांव से निकले थे। रपटे पर पहुंचे तो पानी ऊपर से गुजर रहा था। ड्राइवर ने रपटे पर से गाड़ी निकाल दी। पलभर में ही गाड़ी पलट गई और लोग बह गए। कुछ गाड़ी में फंसे रहे। मैंने कई लोगों को बाहर निकाला। पास के गांव वालों ने मदद की। हादसे में मेरी चाची की मौत हो गई है। एक भजीता और दो भांजी समेत 5 की जान गई है।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा, 'खटीक समाज के लोग बेटी की शादी करने मिनी ट्रक से जा रहे थे। बुहारा नदी में रपटे में ट्रक का पहिया उतर गया। ट्रक नदी में चला गया। 5 लोगों के शव निकाले गए हैं। इनमें एक 45 साल की महिला हैं। 18 साल का युवक है और बाकी 2 से 5 साल के बच्चे हैं। घायलों के इलाज कराया जा रहा है।' मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।

-------------------------------------
MP वक्फ बोर्ड की एडवायजरी:कुर्बानी के वीडियो-फोटो सोशल मीडिया पर वायरल न हों; सड़कों पर नहीं पढ़ें नमाज
भोपाल। ईद पर कुर्बानी और नमाज को लेकर एमपी वक्फ बोर्ड ने एडवायजरी जारी की है। इसमें कुर्बानी के वीडियो, ऑडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल नहीं करने की समझाइश दी गई है। नमाज ईदगाह के अंदर एवं मस्जिद परिसर में ही पढ़ने को कहा है। एडवायजरी में कहा गया है कि गैर जरूरी तौर पर सड़कों पर नमाज अदा न की जाए।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने मंगलवार को एडवायजरी जारी की। बता दें कि बोर्ड के अंतर्गत प्रदेशभर में मस्जिदें, कब्रिस्तान, दरगाहें-मजारात, ईदगाह, कर्बला एवं मदरसा-स्कूल आदि के रूप में करीब 15 हजार वक्फ संपत्तियां पंजीकृत हैं। चूंकि, ईदुल अजहा इस्लाम के सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में एक है। इसलिए बोर्ड ने अपने अधीनस्थ वक्फ मुतवल्लियों एवं प्रबंध समितियों के लिए यह एडवायजरी जारी की।
कुर्बानी के लिए चयनित स्थानों पर ही कुर्बानी करें। कुर्बानी के जानवर की अनुपयोगी चीजों को सुरक्षित एवं नगरीय निकाय द्वारा रखे कंटेनर या चयनित स्थान पर ही डालें।
प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी किसी सूरत में न करें। सरकारी आदेशों का सख्ती से पालन करें।
कुर्बानी का कोई भी वीडियो, फोटो या ऑडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरन न करें।
ईद की नमाज केवल ईदगाह के अंदर एवं मस्जिद परिसर में ही पढ़ें। गैर जरूरी तौर पर सड़कों में नमाज अदा करने से बचें। जरूरत महसूस होने पर स्थानीय प्रशासन को भरोसे में लेकर ईद की नमाज अदा करें।
----------------------------------
भाजपा नेता का ऑफिस गिराने बुलडोजर लेकर पहुंचे कांग्रेसी, दफ्तर और घर गिराने की मांग
जबलपुर। जबलपुर में MBA छात्रा की हत्या के आरोपी भाजपा नेता का ऑफिस और घर गिराने युवा कांग्रेस बुलडोजर लेकर पहुंची। हालांकि, कुछ देर धरना - प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस नेता वापस लौट गए। कांग्रेस ने इसे अपना सांकेतिक प्रदर्शन बताया। पहले दावा था कि कांग्रेस भाजपा नेता के घर पर बुलडोजर चलाएगी। आरोपी को पुलिस जेल भेज चुकी है, लेकिन युवा कांग्रेस उसके घर और ऑफिस पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़े हैं। युवा कांग्रेस की ओर से शहर में इसे लेकर एक दिन पहले यानी मंगलवार को पोस्टर्स भी लगाए गए थे।
कांग्रेस का कहना है कि जिस तरह प्रशासन आम अपराधियों के साथ बर्ताव करता है, वही सलूक छात्रा को गोली मारने वाले के साथ किया जाए। उसका मकान जमींदोज किया जाए। कांग्रेस अपनी मांग को लेकर 'जस्टिस फॉर वेदिका' कैम्पेन भी चला रही है। आज शाम कैंडल मार्च भी निकाला जाएगा।
जबलपुर में भाजपा नेता प्रियांश विश्वकर्मा के गोली मारने से घायल MBA छात्रा ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। वह पिछले 10 दिन से अस्पताल में भर्ती थी। पीठ में गोली फंसी होने के कारण उसके शरीर में जहर फैल गया था। छात्रा की मौत के बाद पुलिस ने प्रियांश के खिलाफ दर्ज एफआईआर में हत्या की धारा 302 बढ़ा दी है। परिजन ने भी आरोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है।
यूथ कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता जिस जोश के साथ भाजपा नेता प्रियांश विश्वकर्मा का मकान तोड़ने आए थे, वह महज कुछ मिनट तक सीमित रहा। यूथ कांग्रेस के नगर अध्यक्ष जितिन राज ने कहा कि जिस बेरहमी से वेदिका ठाकुर की हत्या की गई, उस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को तुरंत एक्शन लेना था। आरोपी का घर जमींदोज कर देना चाहिए था, लेकिन भाजपा सरकार अपने कार्यकर्ता को बचाने में जुटी रही। आज हमने सांकेतिक प्रदर्शन किया है। अगर सख्त कार्रवाई नहीं होती है, तो यूथ कांग्रेस का बुलडोजर चलेगा।
यूथ कांग्रेस ने शहर में कुछ इस तरह के पोस्टर्स लगाए हैं। आज शाम कैंडल मार्च निकालने का भी प्लान है। कांग्रेस अपनी मांग को लेकर 'जस्टिस फॉर वेदिका' कैम्पेन भी चला रही है।
यूथ कांग्रेस के नगर अध्यक्ष जितिन राज, प्रदेश महासचिव सौरभ शर्मा और सैकड़ों कार्यकर्ता गंगानगर के पास आरोपी के ऑफिस पहुंचे। मंगलवार को ही यूथ कांग्रेस की ओर से पोस्टर्स भी लगवाए गए थे। इसमें लिखा है- वेदिका सिंह के हत्यारे भाजपा नेता प्रियांश के घर पर क्यों नहीं चल रहा बुलडोजर। यह भी लिखा है- अपराधियों से मोह एवं हत्यारे भाजपा नेता को संरक्षण दे रहे हैं मुख्यमंत्री। युवा कांग्रेस चलाएगी हत्यारे नेता के घर बुलडोजर।
कांग्रेस अपने उस आरोप पर कायम है कि पुलिस - प्रशासन ने BJP के दबाव में केस कमजोर बनाने की कोशिश की है। इसमें पहले गैर इरादतन गोली चलने का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में सोशल मीडिया में वायरल हुए वेदिका के मृत्यु पूर्व बयान के आधार पर पुलिस को हत्या का मामला दर्ज करना पड़ा।
जबलपुर BJP नगर अध्यक्ष प्रभात साहू का अभी भी वही कहना है कि आरोपी प्रियांश पार्टी में किसी पद पर नहीं है। गाड़ी में भाजपा का झंडा लगाने पर उन्होंने कहा कि कोई भी लगा सकता है। हालांकि, एक अपराधी द्वारा पार्टी के नाम और झंडे के गलत इस्तेमाल पर FIR न करवाने के सवाल पर भाजपा नगर अध्यक्ष का कहना है कि वो प्रदेश संगठन के निर्देश पर ही कोई कार्रवाई करेंगे।