This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

प्रियंका गांधी का बड़ा ऐलानः पहली से 12वीं तक फ्री में शिक्षा, बच्चों को हर माह मिलेंगे 500-1500 रुपए

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive
 


मंडला। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वॉड्रा एक सप्ताह में दूसरी बार मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। वे गुरुवार को मंडला में जन आक्रोश रैली के समापन मौके पर जन सभा को संबोधित करने आई हैं। आदिवासी बहुल मंडला जिले के रामनगर क्षेत्र से प्रियंका मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 प्रचार की शुरुआत कर रही हैं। इससे पहले प्रियंका धार जिले के राजगढ़ में सभा करने आई थीं।
धार जिले के बाद एक सप्ताह में ही प्रियंका गांधी का गुरुवार को यह दूसरा दौरा है। आदिवासी बहुल मंडला में प्रियंका गांधी जन आक्रोश रैली में शामिल होने आई हैं। यह महाकौशल क्षेत्र है। आदिवासी बहुल क्षेत्र का राम नगर कांग्रेस की सभा के लिए इसलिए खास है, क्योंकि गोंडकालीन ऐतिहासिक राजधानी रही है। इस सभा से मंडला जिले की मंडला, निवास और बिछिया विधानसभा सीट के आदिवासी बहुल इलाकों को साधने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा डिंडौरी जिले की डिंडौरी और शाहपुरा सीट भी आदिवासी बहुल है।
प्रियंका गांधी ने कई घोषणा की। इसमें एक योजना को और जोड़ दिया गया। यह घोषणा स्कूली बच्चों के लिए थी। पहली कक्षा से 12वीं कक्षा तक स्कूली शिक्षा फ्री होगी। इस योजना का नाम रखा है, पढ़ो और पढ़ाओ योजना। इस योजना में कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के बच्चों को 500 रुपए दिए जाएंगे। 9 से 10 तक हर माह 1000 रुपए मिलेंगे। 11 से 12 तक के बच्चे को 1500 रुपए हर माह मिलेंगे।
प्रियंका ने कहा कि भर्ती परीक्षा में घोटाला है। एक बच्चा परीक्षा में पास हो जाता है, लेकिन नौकरी नहीं लगती. क्योंकि हर जगह घोटाला हो जाता है। ऐसे में आपका विकास कैसे होगा। यहां जो व्यापमं घोटाला हुआ, न जाने कितने लोग मर गए। फिर भी सरकार चली जा रही है। नर्मदा का घोटाला, महाकाल में घोटाला, मंदिर में जो मूर्ति लगाई जा रही है, उसमें भी घोटाला। अब आप लोग थक गए होंगे। अब आप सोच रहे होंगे कि अब बहुत हो गया। सरकार बदलने का समय आ गया है। इन घोटालेबाजों को सबक सिखाने का वक्त आ गया है।
प्रियंका ने कहा कि छोटे दुकानदार और उद्योगपतियों का क्या बिजनेस बढ़ा है क्या, जो किसान है वो सरकार से कोई उम्मीद रखते हैं, महंगाई कितनी बढ़ गई है। महंगाई को कम करने का काम किया है, इन्होंने। अब आज कह रहे हैं कि सिलेंडर 500 रुपए में देंगे। हम आपको 485 रुपए में सिलेंडर और राशन देते ते। आज 11 रुपए में आपको मिल रहा है। लेकिन, असलीयत क्या है, नुकसान अभी भी आपका हो रहा है। आपके बच्चे बीमार पड़ते हैं, महंगी दवा है, छत को ठीक करना है, उस पर भी जीएसटी है। जिस चीज का इस्तेमाल करते हैं, उस पर जीएसटी है। एक तरफ रोजगार बंद है, जहां काम होता था, वो उन्होंने अपने बड़े बड़े दोस्तों को दे दिए।
प्रियंका ने कहा कि हम सब आपकी वजह से यहां खड़े हैं, जितनी भी सरकार है, उसे बनाने वाले आप हैं। तो शक्ति किसकी है। वोट किसका है। तो इस्तेमाल करो इस शक्ति को। आंख बंद मत करो। जागरूक बनो। अपनी शक्ति को पहचानों। आपके साथ खेल खेले जाते हैं। कितने पद खाली है, लेकिन नौजवान बेरोजगार है। भर्ती घोटाले हो जाते हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था में 90 प्रतिशत से ज्यादा पद खाली है। 18 सालों से सरकार है लेकिन मंडला में अस्पताल नहीं है। वोट आपका था, सत्ता आपने दी, तो जिम्मेदारी भी आपकी थी। आपके भी पूर्वज इस देश के लिए शहीद हुए। यदि यहां अस्पताल नहीं है तो इनकी हिम्मत नहीं होनी चाहिए आपके सामने आने की। आज पूरे प्रदेश में एक भी आंख का डाक्टर नहीं है। प्राइवेट में जाना पड़ता है।
प्रियंका गांधी ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि चिरंजीवि योजना में इलाज मुफ्त होता है। रोजगार बनाने का काम सरकार की जिम्मेदारी होती है।
----------------------------------
अश्लील डाक्यूमेंट्री बनाकर डाक्टर से एक करोड़ मांगने वाला गिरफ्तार
इंदौर। तुकोगंज पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है, जो होम्योपेथिक डाक्टर को एक करोड़ रुपये के लिए ब्लैकमेल कर रहा था। आरोप है कि उसने डाक्टर को दुष्कर्म के केस में फंसाने और अश्लील डाक्यूमेंट्री बना कर बहुप्रसारित करने की धमकी दे रहा था।
टीआइ जितेंद्र यादव के मुताबिक फरियादी डा. अर्पित चौपड़ा निवासी महालक्ष्मी नगर का आरोग्य सुपर स्पेशलिटी मडन होम्योपैथिक के नाम से कृष्णा टावर जंजीरावाला चौराहा पर क्लीनिक है। आरोपित विजय कौशिक निवासी खिलचीपुर को क्लिनिक के प्रचार प्रसार करने का कान्ट्रैक्ट सौंपा था। विजय इंटरनेट मीडिया के माध्यम से चैनल बनाकर प्रचार करता था।
डा. चौपड़ा ने पुलिस को बताया कि 20 सितंबर को विजय ने रात 2.47 बजे धमकी भरे वाइस मैसेज भेजे और एक करोड़ रुपये मांगे। उसने यह भी कहा कि महिला स्टाफ के जरिये दुष्कर्म के केस में फंसा देगा। महिला स्टाफ व महिला डाक्टर के साथ के फोटो और वीडियो जारी करने की धमकी देने लगा। अश्लील डाक्यूमेंट्री बनाने और उसे जंजीरावाला चौराहा पर दिखाने की धमकी भी दी।
डाक्टर ने पुलिस आयुक्त मकरंद देऊस्कर को शिकायत की और बुधवार को विजय के खिलाफ ब्लैकमेलिंग की रिपोर्ट लिखवा दी। शाम को पुलिस ने विजय को गिरफ्तार कर लिया।
-----------------------------------
गोवंश की हत्या से सनसनी, पुलिस ने दो को पकड़ा
इंदौर। शहर के खजराना थाना क्षेत्र में गोवंश की हत्या की सूचना से हड़कंप मच गया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने प्रारंभिक रुप से पूछताछ करने के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है।
घटना एमआर-09 की है। बजरंग दल के पदाधिकारी तन्नू शर्मा के मुताबिक, सूचना मिली थी कि खेत में तीन गोवंश के शव पड़े हैं। शर्मा ने कहा कि गोवंश को जहर देकर मारा गया है। थोड़ी देर बाद हिंदू संगठन से जुड़े संदीप राने, जितेंद्र शर्मा, जितेंद्र जादौन के साथ अन्य कार्यकर्ता भी पहुंच गए। आरोप लगाया गया है कि गोवंश को उस्मान पटेल व जफर पटेल ने जहर देकर मारा है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ के लिए दोनों को हिरासत में ले लिया।
दो अक्टूबर को भी खुड़ैल थाना क्षेत्र में गोवध की घटना सामने आई थी। मामले में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद पुलिस ने दो आरोपित अब्दुल मलिक व चांद मलिक को गिरफ्तार किया था। गोवंश की गला रेत कर हत्या की गई थी।