This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

MP में राहुल गांधी की यात्रा में नया पड़ाव:टंटया भील जन्मस्थली भी जाएंगे, आदिवासियों के साथ जनसभा करेंगे

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive
 


खंडवा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश में अगले सप्ताह प्रवेश होगा। राहुल गांधी की यात्रा में महाकाल के बाद जननायक टंटया भील की जन्मस्थली जाने का पड़ाव भी जोड़ा गया है। इसकी पुष्टि यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने की है। यात्रा के दौरान जनसभा की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई है।
खंडवा के रुस्तमपुर में 22 तारीख को यात्रा का पड़ाव रहेगा, अगले दिन बडौदा अहीर स्थित टंट्या स्मारक पर राहुल गांधी की जनसभा होगी। यहां निमाड़ की 3 प्रमुख आदिवासी सीटों से 50 हजार लोग जुटेंगे। राहुल गांधी की इस यात्रा के पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 15 नवंबर को मध्यप्रदेश आएंगी। शहडोल में इस दिन जनजातीय गौरव दिवस का कार्यक्रम होना है।
इस बात का खुलासा दैनिक भास्कर से बातचीत में यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष व विधायक विक्रांत भूरिया ने किया। भूरिया ने कहा- हम सबके लिए गर्व की बात है कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान टंट्या मामा जन्मस्थली बड़ौदा अहीर आएंगे। वे टंट्या मामा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, यह आदिवासी समाज और निमाड़ वासियों के लिए गौरवपूर्ण दिन रहेगा। इस दौरान राहुल गांधी की सभा होगी, ताकि निमाड़ भर के आदिवासी भाई उन्हें सुन सकेंगे।
भूरिया ने कहा कि इसको लेकर 16 नवंबर को बैठक होगी। बैठक में भीकनगांव, नेपानगर और पंधाना के आदिवासी नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे। ताकि, राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर रुपरेखा तैयार हो। उनके बडौदा अहीर आगमन को लेकर सभी नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएगीं। 23 तारीख को राहुल गांधी की सभा होना सुनिश्चित है। यहां हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग जुटेंगे। राहुल गांधी का जोर-शोर से स्वागत होगा, जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है। विक्रांत भूरिया ने खंडवा में यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मिली जिम्मेदारी में सहयोग की अपेक्षा की। जलेबी चौक स्थित युवक कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष शहजाद पंवार के ऑफिस पहुंचे। इस दौरान अब्दुल कादर, सागर पंवार, असलम गौरी, अक्षत अग्रवाल, विशाल सोनी, टोनी ठाकुर, अर्पण कनाड़े आदि मौजूद थे।
यात्रा का कब कहां होगी
21 नवंबर को बोडरली गांव से शुरू होगी यात्रा सुबह 6.30 बजे यात्रा बोडरली गांव से शुरू होगी। 14 किमी का सफर कर सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल, जैनाबाद फाटा बुरहानपुर में सुबह 10.30 बजे रुकेगी। शाम 4 बजे यात्रा दोबारा शुरू होगी। करीब 9 किमी का सफर कर शाम सात बजे यात्रा ट्रांसपोर्ट नगर, बुरहानपुर पहुंचेगी। रात में यात्रा का हॉल्ट रनवे होटल बोरगांव सरदर के पहले रहेगा।
22 नवंबर की सुबह 6.30 बजे यात्रा यहां से शुरू होगी और 14 किमी का सफर कर यात्रा रुस्तमपुर, खंडवा में सुबह 10.30 बजे रुकेगी। छहगांव माखन, खंडवा में नुक्कड़ मीटिंग का भी आयोजन किया गया है। भारत जोड़ो यात्रा का नाइट हॉल्ट देशगांव, खंडवा में रहेगा।
23 नवंबर को यात्रा खेरदा, खरगोन से शुरू होगी। यात्रा भानबरद, खरगोन, बड़ौदा अहीर, बस स्टैंड सनावद, खरगोन के पास रुकेगी। नाइट हॉल्ट मोरटक्का गांव, खंडवा वैष्णव होटल के पास रहेगा।
निमाड़ की तीन विधानसभा सीटे आदिवासी रिजर्व है। 2018 के विधानसभा में कांग्रेस ने 2 और भाजपा ने 1 पर जीत हासिल की थी। ये सीटे बुरहानपुर जिले की नेपानगर, खंडवा की पंधाना और खरगोन जिले की भीकनगांव है। कमलनाथ सरकार गिरने के बाद नेपानगर से कांग्रेस विधायक सुमित्रा कास्डेकर ने भाजपा का दामन थाम लिया। उपचुनाव हुए तो कास्डेकर ने भाजपा के टिकट पर भी जीत बना ली।
उधर, भीकनगांव सीट पर कांग्रेस से झूमा सोलंकी बीते दो टर्म से विधायक है। यहां झिरन्या व पहाड़ी क्षेत्र के आदिवासी समाज में कांग्रेस का दबदबा कायम है। बाकी, पंधाना विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने कभी खाता नहीं खोला। इस सीट पर लंबे समय से भाजपा काबिज है। हालांकि, भाजपा विधायकों की निष्क्रियता के कारण प्रत्येक चुनाव में जनता आक्रोशित रहती है। इस आक्रोश को भाजपा नेतृत्व ने चेहरा बदलकर शांत कराया है। यानी, पंधाना विधानसभा सीट पर किसी विधायक को दूसरी बार मौका नहीं मिल पाया।
----------------------------------------
शिवराज कैबिनेट का बड़ा फेरबदल दिसंबर में:10 से 12 नए चेहरे शामिल होंगे, नॉन परफॉर्मिंग मंत्री हटेंगे
भोपाल। शिवराज सिंह चौहान सरकार का तीसरा मंत्रिमंडल विस्तार व फेरबदल दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में होने जा रहा है। इसमें 10 से 12 नए चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। वर्तमान में मुख्यमंत्री को मिलाकर कैबिनेट में 31 सदस्य हैं। चार पद रिक्त हैं। इन चार पदों के साथ नॉन परफॉर्मेंस वाले मंत्रियों को बदला जा सकता है। हाल ही में हुई दो कोर कमेटियों में इस पर सहमति बन गई है, क्योंकि कुछ मंत्रियों की शिकायतें भी कोर कमेटी तक पहुंची हैं।
बदले जाने वाले चेहरों की कसौटी पर सिंधिया कोटे के भी लोग शामिल हैं। उनके कोटे से 6 कैबिनेट और तीन राज्यमंत्री हैं। मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल नवंबर माह में ही संभावित था, लेकिन अब इसे गुजरात चुनाव तक रोका गया है। गुजरात के नतीजे 8 दिसंबर को आ जाएंगे। इसके बाद मप्र में विधानसभा का शीतकालीन सत्र होगा। इसी के बाद बदलाव होगा। केंद्रीय भाजपा की तरफ से हरी झंडी मिल गई है।
चुनावी समीकरण - सिंधिया कोटे से भी हटेंगे मंत्री, भाजपा कोर ग्रुप की सिफारिशों का रखा जाएगा ध्यान
30% क्षत्रिय:- शिवराज कैबिनेट 30 में से इस समय 10 मंत्री क्षत्रिय हैं। महेंद्र सिंह सिसोदिया, गोविंद सिंह राजपूत, अरविंद सिंह भदौरिया, प्रद्युम्न सिंह तोमर, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, यशोधरा राजे सिंधिया, बृजेंद्र प्रताप सिंह, ऊषा ठाकुर, इंदर सिंह परमार और ओपीएस भदौरिया।
25% ओबीसी:- कैबिनेट में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मिलाकर आठ सदस्य भूपेंद्र सिंह, कमल पटेल, मोहन यादव, भारत सिंह कुशवाह, रामकिशोर कांवरे, बृजेंद्र सिंह यादव और सुरेश धाकड़ हैं।
तीन एससी और चार एसटी हैं - एससी में जगदीश देवड़ा, तुलसी सिलावट और प्रभुराम चौधरी। एसटी में विजय शाह, बिसाहूलाल सिंह, मीना सिंह और प्रेम सिंह।
नए दावेदार:- एससी से भोपाल के विष्णु खत्री, गुना के जजपाल सिंह जज्जी और जतारा से हरीशंकर खटीक।
ब्राह्मण कोटे से अभी नरोत्तम मिश्रा और गोपाल भार्गव हैं, नया नाम रीवा से राजेंद्र शुक्ला व शरदेंदु तिवारी, कटनी से संजय सत्येंद्र पाठक और भोपाल से रामेश्वर शर्मा हो सकते हैं।
ओबीसी से मनोज चौधरी व महेंद्र हार्डिया।
ये मंत्री हट सकते हैं
मौजूदा कैबिनेट के 6 मंत्रियों पर सत्ता और संगठन दोनों की नजर है। इसमें बुंदेलखंड के दो, मालवा-निमाड़ से एक, ग्वालियर संभाग के एक, मध्यभारत से एक और विंध्य से एक मंत्री शामिल हैं।
भाजपा के 6 से 8 जिलाध्यक्षों को बदला जा सकता है। सिंगरौली, झाबुआ, जबलपुर, शाजापुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, सतना से फीडबैक आ चुका है।
-------------------------------------
15 नवंबर को मप्र आएंगी राष्‍ट्रपति मुर्मू,गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल
भोपाल । आदिवासी जननायक बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को शहडोल में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस में राष्ट्रपति द्रौपति मुर्मू शामिल होगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। शहडोल में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान फिलहाल पेंच राष्‍ट्रीय उद्यान में हैं। वहां से वह आज अपराह्न शहडोल पहुंचेगे और अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्‍ट्रपति के आगमन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रविवार को सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से बात हुई। मैंने उन्हें मध्य प्रदेश आने का निमंत्रण दिया। हमारा सौभाग्य है कि उन्होंने इसे स्वीकार किया है। राष्ट्रपति का मध्य प्रदेश का प्रथम आगमन हमारे लिए गौरव का विषय है। संपूर्ण मध्य प्रदेश राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उद्बोधन सुनेगा।
प्रदेश सरकार ने जनजातीय गौरव दिवस से पेसा अधिनियम के अंतर्गत बनाए नियमों को लागू किया जाएगा। इससे 89 आदिवासी विकासखंडों में ग्राम सभा को स्थानीय स्तर पर रोजगार, भूमि प्रबंधन, वन प्रबंधन सहित अन्य क्षेत्रों के अधिकार मिलेंगे। ग्रामसभा ही निर्णय लेगी कि ग्रामीण क्षेत्र में शराब की नई दुकान खुलेंगी या नहीं। भूमि अधिग्रहण के संबंध में भी ग्रामसभा से पहले अनुमति लेनी होगी।
जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम प्रदेश की सभी पंचायतों में आयोजित किए जाएंगे। प्रभात फेरी निकालने से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। पिछले साल जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे और उन्‍होंने विश्‍वस्‍तरीय सुविधाओं से लैस रानी कमलापति स्‍टेशन का लोकार्पण किया था।