This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

जंगल में खोली फैक्ट्री! अशोकनगर में साढ़े तीन किलो एमडी ड्रग्स-45 KG केमिकल और हथियार जब्त, दो गिरफ्तार…

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 

इंदौर। अशोकनगर जिले में इंदौर नारकोटिक्स की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। जहां चंदेरी थाना क्षेत्र में एमडी ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। जंगल के पास गांव में चल रहे इस अवैध कारोबार से भारी मात्रा में तैयार ड्रग्स, केमिकल और हथियार बरामद किए गए हैं। वहीं मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इंदौर नारकोटिक्स विंग की 15 सदस्यीय टीम ने अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र के कड़राना गांव में बड़ी कार्रवाई की। सोमवार रात टीम ने राघवेंद्र परमार के घर पर दबिश दी। जहां एमडी ड्रग्स बनाने की अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 1 किलो 282 ग्राम ठोस एमडी ड्रग्स, 2 किलो 579 ग्राम तरल एमडी ड्रग्स और करीब 45 किलो केमिकल व उपकरण बरामद किए।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों राघवेंद्र परमार और प्रियांशु जैन को गिरफ्तार किया है, जो जंगल से सटे इलाके में लंबे समय से नशे का कारोबार चला रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस को हथियार भी मिले हैं। आरोपी प्रियांशु के पास से 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और दो मैगजीन जब्त की गईं। इसके अलावा भोपाल आरटीओ नंबर की एक कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच पुलिस कर रही है।
जिले में पहली बार स्थानीय स्तर पर ड्रग्स फैक्ट्री पकड़े जाने से पुलिस भी सतर्क हो गई है। वही जांच मे सामने आया कि आरोपी कर्जे में थे। जिसके चलते उन्हें जल्दी पैसा कमाना था। इसलिए उन्होंने एमडी ड्रग बनाने की कोशिश की। इसके जब आरोपियों ने अलग-अलग केमिकल जुटाने शुरू किए तो वे नारकोटिक्स की नजर में आ गए।

-----------------------------
छात्र को किडनैप कर लूटपाट, बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने निकाला जुलूस
जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में कॉलेज छात्र और उसके साथी का अपहरण कर लूटपाट करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों ने दोनों युवकों को कार में बंधक बनाकर करीब दो घंटे तक घुमाया और 20 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए, साथ ही सोने की अंगूठी लूट ली।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक बाइक, दो रामपुरी चाकू और लूटी गई सोने की अंगूठी बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, बाई का बगीचा निवासी कॉलेज छात्र लक्ष्य झा (20) अपने दोस्त अभिनव श्रीवास्तव के साथ शनिवार रात कार (एमपी 04 सीआर 1566) से निकला था। चंडालभाटा क्षेत्र में लघुशंका के लिए रुकने पर चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपितों ने कार की चाबी छीन ली और दोनों को कार में बंधक बना लिया।
इसके बाद आरोपितों ने करीब ढाई घंटे तक दोनों को कार में बंद रखकर डराया-धमकाया और ऑनलाइन 20 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। साथ ही छात्र की सोने की अंगूठी भी लूट ली।
रविवार को प्रकरण दर्ज होने के बाद गोहलपुर पुलिस ने जांच शुरू की। थाना प्रभारी रीतेश पांडे के मुताबिक, आरोपितों की पहचान नगर निगम बस्ती चंडालभाटा निवासी बृजेश मेहतो, सुमित डुमार और सुमित समुद्रे उर्फ सचिन के रूप में हुई। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के बाद आरोपितों का इलाके में जुलूस भी निकाला। फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-----------------------------------
ईरानी डेरे पर देर रात गोपनीय तरीके से पहुंची पुलिस, हिरासत में लिए गए 20 संदिग्ध
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित ईरानी डेरे पर पुलिस ने एक बार फिर छापा मारा है। देर रात 2 बजे करीब 300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों के साथ अमन कॉलोनी करोंद ईरानी डेरे पर छापा मारा है। करीब 4 घंटे तक ईरानी डेरे पर कार्रवाई चली।
इस दौरान 20 संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। वहीं महिला-पुरुष को पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। पूरा ऑपरेशन बेहद गोपनीय रहा। कमिश्नर संजय कुमार ने इस ऑपरेशन को लीड किया। बता दें कि कुछ दिन पहले भी पुलिस ने ईरानी डेरे पर छापामार कार्रवाई की थी। जिसमें कई मामलों का खुलासा हुआ था।
दरअसल, भोपाल पुलिस ने आगामी त्योहारों के मद्देनज़र देर रात बड़ी कॉम्बिंग गश्त की थी। इस दौरान 400 पुलिस बल के साथ अमन कॉलोनी के ईरानी डेरे पर घेराबंदी की थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 गंभीर मामलों में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया। बाइक, सोना-चांदी और मोबाइल भी बरामद किया। 245 स्थायी वारंटी, 120 गिरफ्तारी वारंटी और 121 जमानती वारंटी तामील किए गए। 5 वाहन चोर और 2 नकबजन पकड़े गए। 4 जिला बदर आरोपी गिरफ्तार किए गए।
इनामी बदमाशों समेत 66 निगरानी बदमाशों से पूछताछ की गई। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के निर्देश पर कार्रवाई हुई। ऐशबाग पुलिस ने गोवंश मामले में फरार 5 हजार रुपए का इनामी बदमाश मोहम्मद अमन को गली नंबर 9 और कामू बाग से गिरफ्तार किया गया। अशोक गार्डन पुलिस ने 2000 के इनामी बदमाश को भी गिरफ्तार किया।
ईरानी डेरे की कार्रवाई पर पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि कई सारे मोबाइल और बाइक भी जब्त की गई। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष को गिरफ्तार किया गया। भोपाल में 500 से ज्यादा कॉम्बिंग गश्त के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।