This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

पति को रास्ते से हटाने की क्रूर साजिश: पत्नी और प्रेमी ने पत्थर से सिर कुचलकर नदी में फेंका शव

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 

सतना। जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र में सामने आए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया। युवक की हत्या किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसकी ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कराई थी। दोनों के बीच चल रहे अवैध प्रेम संबंध में पति सबसे बड़ी बाधा बन गया था, इसलिए उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच दी गई।
गौरतलब है कि 5 मार्च को जैतवारा थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई थी जब नदी के पुल के नीचे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मृतक की पहचान कौशलेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ डबलू के रूप में हुई। उसके सिर पर किसी कठोर वस्तु से वार के निशान थे, जिससे साफ था कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जैतवारा थाना प्रभारी अभिषेक कुमार पाण्डेय और उनकी टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि इस हत्या के पीछे पारिवारिक रिश्तों का विवाद हो सकता है। जांच की दिशा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे एक चौंकाने वाली प्रेम कहानी सामने आने लगी।
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी कुसुम सिंह उर्फ रीना सिंह और संदीप पटेल के बीच लंबे समय से बातचीत और मुलाकातें हो रही थीं। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे और वे अक्सर एक-दूसरे से संपर्क में रहते थे। कुछ समय बाद इस संबंध की भनक पति कौशलेन्द्र सिंह को लग गई। इसके बाद पति और पत्नी के बीच विवाद बढऩे लगा। बताया जा रहा है कि जब पति को पत्नी और संदीप के रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। इससे दोनों प्रेमियों को लगने लगा कि कौशलेन्द्र उनके रिश्ते के बीच सबसे बड़ी बाधा बन गया है। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।पुलिस के मुताबिक साजिश के तहत आरोपी संदीप पटेल ने कौशलेन्द्र सिंह को सुनसान जगह पर पत्थर से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। सिर पर लगातार वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घसीटते हुए नदी के पुल के नीचे फेंक दिया ताकि मामला दुर्घटना या अज्ञात हत्या जैसा लगे और पुलिस को गुमराह किया जा सके।
हत्या करने के बाद संदीप पटेल ने मृतक की पत्नी कुसुम सिंह को बताया कि उसने कौशलेन्द्र को मारकर शव पुल के नीचे फेंक दिया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पत्नी इस साजिश से पहले से ही वाकिफ थी और दोनों ने मिलकर योजना बनाई थी। तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। आखिरकार दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल यूपी 90 एई 2297 भी बरामद कर ली है।
----------------------------------
वन विभाग का एक्शन: करथुआ में मोर का अवैध शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार
सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। फॉरेस्ट विभाग ने राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार करने वाले तीन आरोपियों को धर दबोचा है। इसके साथ ही तीनों को जेल भेज दिया गया है। यह पूरा मामला जिले के करथुआ वन परिक्षेत्र का है।
वन परिक्षेत्र करथुआ में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 237/12, 7 मार्च 2026 को मादा मोर के अवैध शिकार का मामला सामने आया था। मुखबिर से मिली सूचना के बाद वन विभाग की टीम एक्टि हुई। त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के एक ही दिन के भीतर शिकार में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में हिन्छलाल केवट (68), रज्जू केवट (51) और सुरेंद्र उर्फ लाला केवट (27) शामिल है। तीनों आरोपी ग्राम धानी के निवासी बताए जा रहे हैं।
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2, 9, 39, 51 और 52 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को देवसर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर सभी को जिला जेल पचौर भेज दिया गया है। वहीं फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने अवैध शिकार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है और वन्यजीव संरक्षण के लिए आमजन से सहयोग की अपील की है।
-------------------------------------
कुत्ते नोच रहे थे नवजात का शव, पैर पर लिखा था माता-पिता का नाम
विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा से सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां खाली प्लॉट में नवजात का शव मिला है। कुत्ते उसे खा रहे थे, जिसके बाद लोगों ने उन्हें भगाकर शव को सुरक्षित निकालने की कोशिश की।
5 दिन पहले सांची रोड पर शंकर हॉस्पिटल के सामने खाली प्लॉट में कुत्ते एक नवजात के शव को खा रहे थे। सूचना मिलते ही लोग वहां इकट्ठा हो गए। साथ ही समाजसेवी आदर्श तिवारी को भी इस बात की जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि लोगों ने कुत्ते को यहां से भगाया और शव को सुरक्षित करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि कैलाश अस्पताल और मेडिकल कॉलेज नजदीक में ही है। आशंका है कि नवजात की मौत होने के बाद उसे फेंक दिया गया हो। उसके पैर पर उसके माता-पिता का नाम भी लिखा हुआ था।