This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

अब थाने जाने की जरूरत नहीं: क्यू आर कोड स्कैन कर सीधे कमिश्नर तक पहुंचेगी शिकायत

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive
 

भोपाल। शहर में पुलिस व्यवस्था को ज्यादा आसान और पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। अब लोगों को छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शहर की बीट और माइक्रो बीट स्तर तक क्यू आर कोड सिस्टम लागू किया जा रहा है जिससे आम नागरिक अपने घर के पास से ही सीधे पुलिस तक पहुंच बना सकेंगे।
280 बीट और 1222 माइक्रो बीट में लगेगा QR सिस्टम
पुलिस प्रशासन शहर की 280 बीट और 1222 माइक्रो बीट में QR Code लगाने की तैयारी कर रहा है। इस पहल का मकसद पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत करना और अपराध नियंत्रण को ज्यादा प्रभावी बनाना है।
क्या है QR Code सुविधा और कैसे करेगा काम
मोहल्लों में लगाए गए क्यू आर कोड को स्कैन करते ही नागरिक एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर पहुंचेंगे जहां वे आसानी से:
शिकायत दर्ज कर सकेंगे
ट्रैफिक या स्थानीय समस्याएं बता सकेंगे
किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना दे सकेंगे
सबसे खास बात यह है कि शिकायत सीधे पुलिस कमिश्नर ऑफिस तक पहुंचेगी।
पहचान रहेगी पूरी तरह गोपनीय
इस सिस्टम में शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी। यानी कोई भी व्यक्ति बिना डर के अपनी बात पुलिस तक पहुंचा सकेगा।
माइक्रो बीट सिस्टम से हर गली पर नजर
शहर को छोटे-छोटे हिस्सों यानी बीट और माइक्रो बीट में बांटा गया है। हर क्षेत्र में तैनात बीट प्रभारी को:
संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखनी होगी
वारंटियों और असामाजिक तत्वों का रिकॉर्ड रखना होगा
इलाके की हर गतिविधि की जानकारी अपडेट करनी होगी
इससे पुलिस की निगरानी जमीनी स्तर तक मजबूत होगी।
हर सोमवार होगी काम की समीक्षा
हर बीट प्रभारी को अपनी ‘माइक्रो बीट डायरी’ हर सोमवार थाना प्रभारी को सौंपनी होगी। इसके बाद यह रिपोर्ट ASP स्तर तक जाएगी। इससे पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय होगी और कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी
लोगों को मिलेंगी ये बड़ी सुविधाएं
कुछ मिनटों में शिकायत दर्ज करने की सुविधा
सीधे कमिश्नर तक पहुंच
पूरी गोपनीयता
पुलिस व्यवहार या देरी पर भी शिकायत का विकल्प
हर स्तर पर मॉनिटरिंग और जवाबदेही
पुलिस कमिश्नर ने क्या कहा
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के मुताबिक क्यू आर कोड सिस्टम पहले भी कारगर साबित हुआ है। अब इसे बीट और माइक्रो बीट स्तर तक बढ़ाया जा रहा है ताकि हर नागरिक अपने घर के पास से ही शिकायत या सुझाव दे सके। उन्होंने कहा कि इस पहल से न सिर्फ समस्याओं का तेजी से समाधान होगा बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसा भी मजबूत होगा।
----------------------------------------------
पति ने पत्नी के संवेदनशील अंग में डाली मिर्ची, अस्पताल में भर्ती
इंदौर मध्यप्रदेश के इंदौर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला के साथ उसके पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी पति महिला के चरित्र पर संदेह करता है और उसे शक है महिला का शादी से पहले किसी से प्रेम संबंध था। आरोपी पति ने शराब के नशे में पहले तो पत्नी के साथ मारपीट की और फिर उसके संवेदनशील अंग (प्राइवेट पार्ट) में मिर्ची डाल दी। महिला दर्द से तड़प कर चीख उठी जिसके बाद आरोपी पति उसे मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। महिला की चीखें सुनकर बेटा व ननद मौके पर पहुंचे तो महिला को अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है।
अस्पताल में भर्ती पीड़िता किरन (बदला हुआ नाम) ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि वो सिलाई का काम करती है। शनिवार रात को जब वो घर पर थी तब पति शराब के नशे में घर आया और विवाद करने लगा। पीड़िता के मुताबिक पति को शक है उसके शादी से पहले किसी मर्द के साथ संबंध थे। इसी बात को लेकर पति उससे विवाद करने लगा और अपशब्द कहने लगा। पति शराब के नशे में था इसलिए उसने पति को कोई जवाब नहीं दिया और चुपचाप सबकुछ सुनती रही, लेकिन उसकी खामोशी से पति की हिम्मत और बढ़ गई और पति ने उसके साथ जानवरों की तरह बर्ताव करते हुए हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
पीड़िता किरन (बदला हुआ नाम) ने पति की हैवानियत के बारे में रोते हुए बताया कि पति ने पहले तो उसके साथ पानी भरने वाले पाइप से मारपीट की और जब वो जमीन पर गई तो मिर्च पाउडर लाकर उसके संवेदनशील अंग में डाल दिया। संवेदनशील अंग में मिर्ची डाले जाने से वो दर्द से तड़प उठी और जोर जोर से चीखी। आवाज सुनकर घर में मौजूद किरन का बेटा व ननद तुरंत उसके कमरे में आए लेकिन तब तक पति भाग चुका था। इसके बाद उसे अस्पताल लाया गया। परिजन पहले महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से हालत बिगड़ने पर एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला किरन एमवाय अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। वारदात के बाद आरोपी पति फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कह रही है।
---------------------------------------
पांढुर्णा में आग ने मचाई तबाही: 20 घर जलकर राख, दर्जनों पशुओं ने तोड़ा दम
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले में उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब एक गांव में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 20 घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चिंगारी ने दर्जनों पशुओं की भी जान ले ली। गनीमत रही कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों के नुकसान की आशंका है। वहीं प्रशासन ने प्रभावितों को हर संभव सहायता देने की बात कही है।
यह पूरा मामला सौसर क्षेत्र के दवामी गांव का है। जानकारी के मुताबिक, रविवार को भीषण आगजनी की घटना में करीब 20 घर जलकर खाक हो गए। घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर जान बचाने में जुट गए। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई मकान इसकी चपेट में आ गए। आग में एक दर्जन पशुओं की जलकर मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि ग्रामीणों का अनुमान है कि पशुओं के लिए रखे हुए चारे या चूल्हे की चिंगारी से आग भड़की हो सकती है। आग लगने के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बुझाने की कोशिश की। वहीं सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस हादसे में कई परिवारों का सामान जलकर नष्ट हो गया है। राहत की बात यह रही कि किसी जनहानि की खबर नहीं है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।