महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में तरबूज खाने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, मृतकों के शरीर में सामान्य विष से अलग कंटेंट पाया गया है. सूत्रों का कहना है कि शरीर के आंतरिक अंग हरे पड गये थे. सूत्रों का कहना है कि इस मामले में गवाही के एक मामले के चलते साजिश की आशंका नजर आती है. पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक जिस केस में मृतक अब्दुल्ला अहम गवाह थे, उसमें एक पति-पत्नी के बीच का विवाद और वित्तीय लेनदेन शामिल है।
अब्दुला ने अपने दोस्त को 25 लाख रुपये दिए थे। ये पैसे उन्होंने हमीदा नाम की लड़की से लिए थे। अब हमीदा और अब्दुला के दोस्त आफताब के बीच विवाद चल रहा है। इस बीच अब्दुला की मौत हो गई।
मुंबई के पायधुनी इलाके में बिरयानी के बाद तरबूज खाने से एक परिवार के सभी चार लोगों की मौत हो गई। इस घर के मुखिया अब्दुला डोकाड़िया एक केस में अहम गवाह थे। पुलिस की जांच में उस केस की जानकारियां भी सामने आई हैं। पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक जिस केस में मृतक अब्दुल्ला अहम गवाह थे, उसमें एक पति-पत्नी के बीच का विवाद और वित्तीय लेनदेन शामिल है।
दरअसल, मुंबई में मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान चलाने वाले अब्दुल्ला डोकाडिया (45), उनकी पत्नी नसरीन (35) और उनकी दो बेटियां जैनब (13) और आयशा (16) पिछले शनिवार यानी 25 अप्रैल की रात अपने पांच रिश्तेदारों के साथ डिनर किया. जिसमें उन्होंने बिरयानी खाई. रिश्तेदारों के जाने के बाद, परिवार ने रात करीब 1 बजे तरबूज खाया और उसके बाद सो गए. लेकिन सुबह 5 बजे वे अचानक से बीमार हो गए. परिवार के चारों सदस्यों में एक जैसे लक्षण थे. सभी को उल्टी और दस्त हुए. जो फूड पॉइजनिंग का संकेत दे रहे थे, लेकिन कुछ ही घंटों में चारों की मौत हो गई.
केस के बारे में जानकारी इक्कठा करते हुए पुलिस को पता चला कि जिस महिला ने केस दर्ज कराया था वह और एक अन्य व्यक्ति जिसकी पहचान आफताब के रूप में हुई है। वह दोनों एक दूसरे के दूर के परिचित रिश्तेदार थे। अब्दुल्ला भी आफताब को जानता था।
पुराने केस में हमीदा नाम की महिला जो अमेरिका में मेकअप आर्टिस्ट का काम करती थी वह और आफताब सोशल मीडिया के माध्यम से एक दूसरे के संपर्क में आए हालांकि आफताब की शादी पहले ही हो चुकी थी, लेकिन पहली पत्नी से तलाक के बाद उसने हमीदा से शादी कर ली। आफताब के पिता एक बिल्डर थे हालांकि उनका बिजनेस ठीक नहीं चल रहा था। इसलिए साल 2019 में आफताब ने हमीदा से 50 लाख रुपए की आर्थिक मदद मांगी। उस वक्त हमीदा ने उसे 25 लाख रुपए दिए और उन पैसों को लेने के लिए आफताब ने उस वक्त अब्दुल्ला को भेजा था। इसलिए केवल अब्दुल्ला ही इस मामले में मुख्य गवाह था।
--------------------------------------
15 साल बाद TMC का किला ढहा : बंगाल में जीत के बाद BJP का ‘प्लान-B’ तैयार, बदलाव की बयार
पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का दावा किया है। पार्टी ने ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी सरकार को करीब 15 साल बाद सत्ता से बाहर कर दिया है। इस जीत के पीछे बीजेपी की पहले से तैयार रणनीति और स्पष्ट प्लान को अहम माना जा रहा है।
बीजेपी का प्लान-ए चुनाव जीतना था, जिसमें पार्टी सफल रही। वहीं प्लान-बी के तहत अब पश्चिम बंगाल को उसकी पुरानी पहचान दिलाने पर जोर दिया जाएगा।
कभी औद्योगिक रूप से मजबूत रहा पश्चिम बंगाल पिछले कुछ दशकों में उद्योगों की कमी और पलायन जैसी समस्याओं से जूझता रहा है। पहले जहां लोग रोजगार के लिए यहां आते थे, अब उन्हें दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है।
बीजेपी ने अपने चुनावी वादों और विजन डॉक्यूमेंट में ‘औद्योगिक पुनरुद्धार’ को सबसे बड़ा मुद्दा बनाया था। पार्टी का फोकस पुराने उद्योगों को फिर से खड़ा करने और राज्य को आधुनिक अर्थव्यवस्था के मुताबिक विकसित करने पर है।
औद्योगिक विकास के लिए बीजेपी की 5 बड़ी योजनाएं
1. बंद जूट मिलों को फिर से चालू करना
बीजेपी का कहना है कि लंबे समय से बंद पड़ी जूट मिलों को दोबारा शुरू किया जाएगा। इन्हें नई तकनीक और निवेश के जरिए आधुनिक बनाया जाएगा, ताकि रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
2. MSME सेक्टर को बढ़ावा
छोटे और मझोले उद्योगों (MSME) को बढ़ाने के लिए एक खास निगम बनाने की योजना है। युवाओं को बिजनेस शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद (अनुदान और बिना ब्याज के लोन) देने का प्रस्ताव है।
3. कोलकाता के आसपास औद्योगिक हब
‘सोनार बांग्ला’ विजन के तहत कोलकाता और आसपास के इलाकों को मिलाकर एक बड़ा औद्योगिक हब बनाने की योजना है। इसके साथ ही हल्दिया पोर्ट को आधुनिक बनाया जाएगा। डीप-सी पोर्ट विकसित होगा। सड़क और रेल कनेक्टिविटी बेहतर की जाएगी ताकि व्यापार और निर्यात को बढ़ावा मिल सके।
4. इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना
सिंगूर जैसे इलाकों में नए इंडस्ट्रियल पार्क बनाए जाएंगे। इनमें बड़े उद्योगों के साथ-साथ MSME के लिए भी अलग जगह तय की जाएगी।
5. निवेश के लिए बेहतर माहौल
बीजेपी का दावा है कि पिछले वर्षों में कई कंपनियां राज्य छोड़कर चली गईं। अब-
सिंगल विंडो सिस्टम लागू होगा
नीतियों में स्थिरता लाई जाएगी
प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाई जाएगी
इसके जरिए निवेशकों का भरोसा वापस लाने की कोशिश की जाएगी। साथ ही आईटी और सेमीकंडक्टर जैसे नए सेक्टर पर भी फोकस रहेगा
बीजेपी का मानना है कि सही नीतियों और निवेश के जरिए पश्चिम बंगाल फिर से देश का बड़ा औद्योगिक केंद्र बन सकता है। हालांकि, जमीन अधिग्रहण और श्रम कानून जैसी पुरानी चुनौतियों को कैसे संभाला जाता है, इस पर इस योजना की सफलता निर्भर करेगी।
-----------------------------------
11 मई से चलेगी भारत गौरव ट्रेन, 6 ज्योतिर्लिंग और शिरडी साईं मंदिर के कराएगी दर्शन, जानें रूट और शेड्यूल
अगर आप भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों, ज्योतिर्लिंगों और प्रसिद्ध मंदिरों का एक साथ दर्शन करना चाहते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन यानि आईआरसीटीसी भारत गौरव पर्यटन ट्रेन का विशेष टूर पैकेज शुरु करने जा रहा है। यह ट्रेन 11 मई 2026 से शुरू होगी और 21-22 मई को अपनी यात्रा पूरी कर वापस लौटेगी।
यह यात्रा 11 रात और 12 दिन की होगी, जो श्रद्धालुओं को भारत के प्रमुख धार्मिक केंद्रों के दर्शन कराएगी। इसमें उज्जैन का महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, गुजरात का सोमनाथ मंदिर, द्वारका के द्वारकाधीश मंदिर, नागेश्वर, महाराष्ट्र के शिरडी स्थित साईं बाबा मंदिर, नाशिक के त्रंयंबकेश्वर और औरंगाबाद के घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग का भी दर्शन कराएगी।
यह ट्रेन झारखंड के राजगीर/झारसुगुड़ा से शुरू होकर रांची, बोकारो और पटना होते हुए आगे बढ़ेगी। यात्री झारसुगुड़ा, राउरकेला, रांची, मुरी, बोकारो स्टील सिटी, कोडरमा, गया, सासाराम, दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और प्रयागराज स्टेशन से चढ़ सकेंगे। पूरी यात्रा के दौरान यात्रियों को शाकाहारी भोजन (सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात का खाना) ट्रेन में परोसा जाएगा। सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी कैमरे और इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
इस यात्रा के लिए विभिन्न श्रेणियों में पैकेज तैयार किए गए हैं। इकोनॉमी क्लास में स्लीपर क्लास में यात्रा, नॉन-एसी होटलों में रुकने और नॉन-एसी बसों से घूमने की सुविधा मिलेगी। स्टैंडर्ड/कंफर्ट क्लास (3AC/2AC) में एसी कोच में यात्रा, एसी होटलों में ठहरने और परिवहन की व्यवस्था रहेगी। इकोनॉमी क्लास के लिए 23315 रुपये, स्टैंडर्ड क्लास के लिए 41570 रुपये व कम्फर्ट क्लास के लिए 50410 रुपये शुल्क रखा गया है।
यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम (Schedule)
11 मई (पहला दिन): झारसुगुड़ा, रांची और अन्य संबंधित स्टेशनों से प्रस्थान और बोर्डिंग।
12-13 मई (दूसरा और तीसरा दिन): मध्य प्रदेश के उज्जैन आगमन। महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन ।
14-15 मई (चौथा और पांचवां दिन): गुजरात के द्वारका की यात्रा। द्वारकाधीश मंदिर और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन
16 मई (छठा दिन): गुजरात के सोमनाथ आगमन और प्रसिद्ध सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन।
17-18 मई (सातवां और आठवां दिन): महाराष्ट्र के नासिक (त्र्यंबकेश्वर) की ओर प्रस्थान। त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन ।
19 मई (नौवां दिन): औरंगाबाद आगमन, ग्रिश्नेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन
20 मई (दसवां दिन): महाराष्ट्र के शिरडी में साईं बाबा के दर्शन।
21-22 मई (ग्यारहवां और बारहवां दिन): ट्रेन वापस अपने गंतव्य स्टेशनों (झारसुगुड़ा/रांची आदि) पर पहुंचेगी।
यदि आप इस यात्रा के लिए बुकिंग करना चाहते हैं, तो IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट (irctctourism.com) पर जाकर या उनके क्षेत्रीय कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं। इस विशेष टूर पैकेज का कोड EZBG30 है, जिससे आप IRCTC के वेबसाइट पर ढूंढ सकते हैं या नीचे दी गई लिंक पर क्लिक कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
6 JYOTIRLINGA DARSHAN WITH SHIRDI SAI DARSHAN (EZBG30)




