नई दिल्ली. पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन जारी है. इस प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के भी शामिल होने की संभावना है. प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है. यह प्रदर्शन सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके की अगुआई में हो रहा है. अभिजीत शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली लौटे. वे एयरपोर्ट से सीधे प्रदर्शन करने पहुंचे.
दीपके नीट पेपर लीक विवाद और सीबीएसई से जुड़े कथित मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने इन मामलों में जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई है. प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. जंतर-मंतर से लेकर दिल्ली एयरपोर्ट तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अनुमति प्रदान की गई.
दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले छात्रों और अन्य प्रतिभागियों से आवश्यक अंडरटेकिंग लेने के बाद अनुमति देने का फैसला किया गया. सभी जिलों, विशेषकर नॉर्थ, सेंट्रल, साउथ-ईस्ट और साउथ-वेस्ट दिल्ली के अधिकारियों को प्रदर्शनकारियों के आवागमन में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं.
नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. अधिकारियों को प्रदर्शनकारियों के साथ किसी भी तरह के टकराव से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. इसके लिए जिले को 12 जोन में विभाजित किया गया है, जिनकी निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी. बता दें पुलिस ने शाम 5 बजे तक धरना देने की अनुमति दी है. दिल्ली पुलिस ने सभी जिला और यूनिट डीसीपी को आंतरिक अलर्ट जारी करते हुए राजधानी के कुछ हिस्सों में भारी भीड़, यातायात बाधित होने और कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों की आशंका से सतर्क रहने को कहा है.
------------------------------------
'सरेंडर नहीं करेंगे खान सर, कानूनी लड़ाई लड़ेंगे'... वकील बोले- साजिश के तहत फंसाया जा रहा
पटना। खान ग्लोबल स्टडीज इंस्टीट्यूट में हुई तोड़फोड़ और फायरिंग के मामले में खान सर (फैसल खान) के सरेंडर करने की खबरों को उनके वकील ने खारिज कर दिया है। खान सर के कानूनी सलाहकार और अधिवक्ता अरविंद कुमार ने कहा कि फैसल खान आत्मसमर्पण नहीं करेंगे, बल्कि कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखेंगे।
मीडिया से बातचीत में अधिवक्ता अरविंद कुमार ने कहा कि खान सर कोर्ट में सरेंडर करने नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि फैसल खान आत्मसमर्पण नहीं करेंगे और इस मामले में अग्रिम जमानत के लिए अदालत का रुख करेंगे।
पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और जल्द पूछताछ भी कर सकती है।
खान सर के वकील का दावा है कि उनके मुवक्किल को जानबूझकर इस मामले में फंसाया जा रहा है। उनका कहना है कि 2 जून को खान सर के स्टाफ ने एक अन्य कोचिंग संस्थान के निदेशक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उसी के जवाब में बदले की भावना से खान सर का नाम इस मामले में जोड़ा गया है।
वायरल वीडियो में दिखाई गई फायरिंग पर सफाई देते हुए वकील ने कहा कि कोचिंग संस्थान पर हमला और तोड़फोड़ होने के दौरान वहां मौजूद गार्ड्स ने सुरक्षा के लिए हवा में गोलियां चलाई थीं। उन्होंने दावा किया कि इस फायरिंग में किसी को चोट नहीं लगी थी।
2 जून की रात करीब 15-20 लोगों का एक समूह पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज इंस्टीट्यूट पहुंचा था। आरोप है कि उन्होंने संस्थान में तोड़फोड़ और पथराव किया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें कोचिंग के दो गार्ड हवाई फायरिंग करते दिखाई दिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों गार्डों को हिरासत में ले लिया था और मामले की जांच शुरू कर दी थी।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने पुष्टि की थी कि इस मामले में फैसल खान उर्फ खान सर को नामजद करते हुए FIR दर्ज की गई है। उन्होंने बताया था कि पुलिस जल्द ही खान सर से पूछताछ करेगी।
घटना के बाद पटना के कोचिंग जगत में भी विवाद बढ़ गया है। खान सर ने आरोप लगाया था कि इस हमले के पीछे उनके प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के लोगों का हाथ है। वहीं दूसरी ओर, प्रतिद्वंद्वी संस्थान के प्रतिनिधियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि यह पूरा मामला खुद खान सर द्वारा प्रायोजित कराया गया हो सकता है। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।
-----------------------------------------
पंजाब के फिरोजपुर में मच गई चीख-पुकार, पिकअप और ट्रॉली की भीषण टक्कर में 9 की मौत, 15 घायल
फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर में फाजिल्का रोड पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण दुर्घटना जंगा वाले मोड़ के पास एक पिकअप गाड़ी और घोड़ा ट्रॉला के बीच आमने-सामने की टक्कर के कारण हुई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पिकअप गाड़ी में सवार करीब 30 लोग अपने एक परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए सुबह 3:30 बजे घर से रवाना हुए थे। रास्ते में पेट्रोल डलवाने के बाद, जैसे ही उनका वाहन जनगांव वाला मोड़ के पास पहुंचा, सड़क के बीच खड़ी एक ट्रॉली से उनकी पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई और गाड़ी पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में शुरू किया गया।
सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि कई मरीजों की स्थिति बेहद नाजुक थी, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों का उपचार स्थानीय सिविल अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया और यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हताहतों की पहचान की जा रही है।


