गोधरा. गुजरात में संक्रमण से एक महीने में अब तक 12 बच्चों की मौत हो चुकी है. इनमें से तीन बच्चे चांदीपुरा वायरस से संक्रमित थे. अन्य 9 बच्चों की मौत भी इसी वायरस से होने की आशंका है. हालांकि, इनकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है. संक्रमण के मामले गांधीनगर, साबरकांठा, खेड़ा, अरावली और पंचमहल जिलों में सामने आए हैं.
स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानसेरिया ने इस स्थिति पर जानकारी देते हुए बताया कि इस घातक वायरस के संक्रमण के कारण अब तक 3 बच्चों की मौत हो चुकी है. इनमें से 2 बच्चों की मौत गोधरा और राजस्थान के एक बच्चे की मौत हिम्मतनगर में हुई. प्रभावित क्षेत्रों में रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में चांदीपुरा के संदिग्ध लक्षणों वाले बच्चों की कुल 6 मौतें दर्ज की गई हैं. जबकि तीन बच्चों की मौत गोधरा के सिविल अस्पताल में हुई. इनमें दो बच्चों की मौत दो दिन पहने यानी कि 11 जुलाई को हुई. इन दोनों बच्चों में एक बच्चे की उम्र 1 साल और दूसरे की उम्र दो साल थी.
अब तक 27 संदिग्ध मरीजों के नमूने गांधीनगर भेजे गए हैं, जिनमें से 19 की जांच हो चुकी है. इनमें से 7 पॉजिटिव पाए गए हैं. पॉजिटिव पाए गए 7 मरीजों में से 3 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि 4 बच्चों का इलाज चल रहा है. शेष 8 नमूनों की जांच अभी जारी है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में शनिवार को एक बैठक आयोजित की गई थी. इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा की गई.
पंचमहल के मंडल उप निदेशक डॉ. सुरेंद्र जैन ने बताया कि पंचमहल जिले में अब तक चांदीपुरा वायरस के कुल 13 संदिग्ध मामले सामने आए हैं. महिसागर जिले का एक बच्चा वेंटिलेटर पर है. वहीं, गोधरा सिविल अस्पताल में फिलहाल 5 बच्चों का इलाज चल रहा है. उसके सैंपल लिए जा चुके हैं. बाकी 4 बच्चों की हालत सामान्य है और उनकी रिपोर्ट का इंतजार है. वहीं पंचमहल के 3 अन्य मरीजों का इलाज वडोदरा एसएसजी में चल रहा है, उनकी हालत स्थिर है और उनकी रिपोर्ट का इंतजार है. एक बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.
-------------------------------
गर्लफ्रेंड के पैरों में बॉयफ्रेंड: मुंबई रेलवे स्टेशन पर साष्टांग गिरकर भीड़ के सामने नाक रगड़कर मांगी माफी, VIDEO वायरल
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के बोरिवली रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला। मुंबई बोरिवली रेलवे स्टेशन पर प्रेमिका से माफी मांगने के लिए गर्लफ्रेंड (GF) के पैरों में बॉयफ्रेंड (BF) गिर पड़ा। GF से माफी मांगने के लिए BF काफी देर तक उसके पैरों को पकड़कर लेटे रहा। इस दौरान वहां से गुजरने वाले हाई-वोल्टेज ड्रामे का आनंद लेते रहे। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस हाई-वोल्टेज ड्रामे वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक बार-बार अपनी प्रेमिका से माफी की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। जबकि युवती पूरे समय शांत खड़ी नजर आती है। घटना के दौरान रेलवे पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक स्टेशन पर रोजमर्रा की तरह यात्रियों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान एक युवक अचानक युवती के सामने घुटनों के बल लेट गया और उससे माफी मांगने लगा। कुछ ही देर में उसने युवती के पैरों में गिरकर उसे मनाने की कोशिश शुरू कर दी। युवक बार-बार हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा और कई बार उसके पैरों में लेटकर उसे मनाने का प्रयास करता दिखा। देखते ही देखते बड़ी संख्या में यात्री वहां रुक गए और दोनों को देखने लगे। कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया।
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दोनों को समझाकर शांत कराया और युवक को वहां से हटाया। इसके बाद स्टेशन पर सामान्य स्थिति बहाल हो गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों के बीच विवाद किस वजह से हुआ था और युवक आखिर किस बात के लिए माफी मांग रहा था। रेलवे पुलिस की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
-----------------------------------
मदुरै में हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, दो बसों की टक्कर, 6 की मौत, 41 घायल
मदुरै. तमिलनाडु में मदुरै के कोट्टमपट्टी के पास सोमवार को एक प्राइवेट ओमनी बस और तमिलनाडु सरकार की बस की आमने-सामने हुई टक्कर में एक महिला समेत छह लोगों की मौत हो गई जबकि 41 लोग घायल हो गए. केएमआर ट्रांज नाम की एक प्राइवेट ओमनी बस सुबह मदुरै जिले के कोट्टमपट्टी के पास वंचिनागरम फोर-लेन रोड पर चेन्नई से मार्तंडम जा रही थी. बस के नीचे और ऊपर के फ्लोर में बेड लगे थे. रास्ते में अचानक ड्राइवर का बस पर कंट्रोल नहीं रहा और बस रोडब्लॉक पार करके उल्टी दिशा में सड़क पर पहुंच गई.
यह एक्सीडेंट तब हुआ जब एक प्राइवेट ओमनी बस तिरुचिरापल्ली की ओर जा रही एक सरकारी बस से टकरा गई. हाईवे पेट्रोल पुलिस ने कन्फर्म किया कि दोनों बसों में सवार पांच पुरुषों और एक महिला समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. प्राइवेट ओमनी बस वंचिनागरम गांव में बस स्टॉप के बाईं ओर बस स्टॉप से टकरा गई. वहां सो रहा एक व्यक्ति भी बस की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. एक्सीडेंट में करीब 41 लोग घायल हुए हैं और उन्हें मेलूर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें आगे के इलाज के लिए सरकारी राजाजी अस्पताल रेफर कर दिया गया.
डिप्टी डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस अभिनव कुमार और सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस देवनाथन ने मौके का दौरा किया है और मामले की जांच कर रहे हैं. वे मरने वालों की जानकारी भी इक_ा कर रहे हैं. कोट्टमपट्टी पुलिस स्टेशन के अनुसार सरकारी बस में सवार तीन लोग, ओमनी बस में सवार दो लोग और बस स्टॉप पर सो रहे एक व्यक्ति की इस हादसे में मौत हो गई. मरने वालों की पहचान सिरियापुष्पम, आनंदराज, सूर्या, मोहम्मद यासीन और अब्राहम के रूप में हुई है. मदुरै के डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर निशांत कृष्णा ने मेलूर सरकारी हॉस्पिटल में मरीजों से मुलाकात की और उन्हें दिए जा रहे इलाज के बारे में पूछा.
प्रमुख समाचार



