भोपाल। राजधानी के श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 17 वर्षीय नाबालिग किशोर की हत्या के मामले में पुलिस की जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब 2 करोड़ रुपये के लालच में किशोर की नृशंस हत्या की गई और उसके अंगों (प्राइवेट पार्ट) को काटकर विदेश में बेचने की अंतरराष्ट्रीय साजिश रची गई थी।
मृतक किशोर अपने परिवार का इकलौता बेटा था और मोती मस्जिद, इकबाल मैदान व आसपास के इलाकों में घूम-घूमकर पेन-कॉपी बेचता था। उसकी इस छोटी सी कमाई से ही पूरे परिवार का गुजर-बसर होता था। 6 अगस्त को वह संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी।
लापता होने के 5 दिन बाद, यानी 11 अगस्त को छोटे तालाब के पास किशोर का शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर परिजनों ने चप्पल और कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत हत्या (मर्डर) का मामला दर्ज किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने करीब 13 संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस अंतरराष्ट्रीय सौदेबाजी के पीछे कौन-कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं। फिलहाल, मृतक का गायब अंग अभी तक बरामद नहीं हो सका है, जिसके लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
----------------------------------------
ग्वालियर एसपी ऑफिस में बवाल, कांग्रेस जिला महामंत्री ने किया सुसाइड, अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया
ग्वालियर. ग्वालियर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां पहुंचे कांग्रेस के जिला महामंत्री ने अचानक आत्महत्या कर ली. आनन-फानन में पुलिसकर्मी उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने जिला महामंत्री को मृत घोषित कर दिया.
ग्वालियर एसपी ऑफिस में सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे अचानक हंगामा हो गया. कांग्रेस नेता राजेश किरार किसी काम से कार्यालय पहुंचे थे. कुछ देर परिसर में बैठे रहे, वे एसपी के पास अपनी एक परेशानी लेकर पहुंचे थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो पायी. इसी दौरान उन्होंने एसपी ऑफिस परिसर में आत्मघाती कदम उठा लिया. ऐसा करने के चंद मिनटों में उनकी तबीयत बिगड़ गई और एसपी कार्यालय के बाहर ही बेहोश होकर गिर पड़े.
अचानक शख्स को गिरते देख आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन उनके मुंह से झाग निकल रहा था. वहीं ग्वालियर एसपी को भी इस घटना की जानकारी बाहर खड़े पुलिसकर्मियों ने दी. ऐसे में तुरंत एसपी ने शासकीय वाहन से राजेश किरार को जयारोग्य अस्पताल के हजार बिस्तर बिल्डिंग पहुंचाया. जहां डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. जिसके बाद उनका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे कांग्रेस नेता रवीन्द्र सिंह ने बताया कि, राजेश किरार बीते 25 सालों से कांग्रेस से जुड़े हुए थे और वर्तमान में जिला महामंत्री थे. सुनने में आया है और उनके पास से एक सुसाइड नोट मिला है. जिससे पता चला है, कुछ लोग उन्हें लेन देन को लेकर प्रताडि़त कर रहे थे. वे कौन लोग थे, इसका जिक्र सुसाइड नोट में है. उन्होंने मुख्यमंत्री से भी अपील की है कि, ग्वालियर में ऐसा कोई महीना नहीं जाता, जब सूदखोरों की वजह से किसी की जान नहीं जाती, ऐसे में इस मामले में जो भी दोषी हैं, उन पर सख्त कार्रवाई कराई जाए.
सीएसपी रोबिन जैन ने बताया, राजेश किरार कोई जहरीला पदार्थ खा कर आए थे और एसपी ऑफिस में उनकी तबीयत बिगड़ गई. इसलिए तुरंत अस्पताल भिजवाया गया था. उनकी मौत की सूचना परिजन को भी दे दी गई. जिनसे पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि, उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया. हालांकि यह बात सामने आ रही है कि वह किसी जमीन के कब्जे को लेकर परेशान थे. पूरे मामले में पुलिस जांच कर रही है, साथ ही यह भी पता लगा रही है कि, उन्होंने जहरीला पदार्थ कहां और क्यों खाया था. हालांकि सीएसपी का कहना था की, मौत से पहले राजेश की किसी पुलिस कर्मी से कोई चर्चा नहीं हुई है. इसलिए मामला अभी जांच का विषय है.
--------------------------------------
घर से एक साथ उठीं 2 अर्थियां , अंतिम सांस तक नहीं छूटा गोपाल-रेखा का साथ
उज्जैन। छुट्टी के दिन बेटे से मिलने जा रहे दंपति के साथ बड़ी अनहोनी हो गई। गोपाल और रेखा के घर उस समय कोहराम मच गया जब एक साथ दोनो की अर्थियां निकली। इस दौरान पूरे इलाके में गम का माहौल छा गया। जिसने भी ये नाजार देखा वो अपने आंसुओं को रोक नहीं पाया। सोमवार को भी मिलने वाले लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। किसी को विश्वास नहीं हो रहा कि इतना बड़ा हादसा हो गया।
बता दें कि एमपी में उज्जैन-इंदौर रोड पर टोल के आगे सुबह भीषण सड़क हादसे में आगर के सराफा कारोबारी दंपती की मौत हो गई। उज्जैन से इंदौर बेटे से मिलने जा रहे गोपाल सोनी (60) और उनकी पत्नी रेखा सोनी (53) की कार एमपी 42 सी-2786 आगे चल रहे ट्रक एमपी 15 एचए-0683 में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार का अगला हिस्सा और बोनट ट्रक के पिछले हिस्से में काफी अंदर तक धंस गया। हादसे में कार में सवार एक बालिका भी घायल हुई है। बीते दिन घटना के बाद पत्नी-पत्नी की अर्थी एक साथ उठी।
परिजनों के मुताबिक गोपाल सोनी और रेखा सोनी रविवार को छुट्टी के दिन इंदौर में अपने बेटे से मिलने जा रहे थे। उनका एक बेटा इंदौर में फिजिक्स वाला में शिक्षक है, जबकि दूसरा बेटा आगर में परिवार का चांदी का कारोबार संभालता है। गोपाल सोनी मूल रूप से आगर के सराफा कारोबारी परिवार से थे और परिवार का चांदी का कारोबार है। स्थानीय सराफा व्यापारी संगठन से भी उनके जुड़ाव की जानकारी सामने आई है।
हादसा सुबह 11.30 से 12.30 बजे के बीच हुआ। तस्वीरों में कार का अगला हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंसा दिखाई दे रहा है। कार के चारों तरफ के कांच भी टूट गए। टक्कर कितनी तेज थी इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में दंपती के साथ पड़ोसी व किराना व्यावसायी मुकेश गर्ग की बेटी ईशिका गर्ग थी। हादसे में उसे भी चोट आई है और उसका भी इलाज इंदौर में चल रहा है।
परिजनों के अनुसार हादसे के बाद संभवतः गोपाल सोनी की कुछ देर तक सांस चल रही थी। बेहतर उपचार की उम्मीद में उन्हें इंदौर के अरविंदो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। रेखा सोनी का पोस्टमार्टम उज्जैन में कराया गया, जबकि गोपाल का पोस्टमार्टम अरविंदो अस्पताल में हुआ।
गोपाल सोनी के बड़े भाई का करीब 20 वर्ष पहले निधन हो चुका है। इसके बाद परिवार की कई जिम्मेदारियां गोपाल ही संभाल रहे थे। उनकी 85 वर्ष से अधिक उम्र की मां अभी जीवित है। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा है। हादसे की सूचना पर परिजन मौके और अस्पताल पहुंच गए थे। पीएम के बाद शव उन्हें सौंप दिए गए।
हादसे में दंपती की मौत के बावजूद फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि उज्जैन-इंदौर रोड पर चल रहे ट्रक में कार इतनी तेज या किस परिस्थिति में जा घुसी। नानाखेड़ा पुलिस का कहना है कि घटनास्थल की तस्वीरें टक्कर की भयावहता बताती है, लेकिन दुर्घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और दोनों वाहनों की स्थिति के आधार पर जांच कर रही है।



