गुना।(गरिमा टीवी न्यूज़) लंबे समय से जर्जर हाल पड़ी खेजरा रोड की समस्या को लेकर अब आमजन का गुस्सा सडक़ों से लेकर सोशल मीडिया तक दिखाई देने लगा है। प्रशासन की बेरुखी और निष्क्रियता के विरोध में खेजरा रोड संघर्ष समिति के आह्वान पर रविवार को क्षेत्रवासियों ने सोशल मीडिया पर ब्लैक डे मनाया। संघर्ष समिति से जुड़े सदस्यों, स्थानीय निवासियों, शिक्षकों, व्यापारियों और किसानों ने एक सुर में विरोध दर्ज कराते हुए अपने व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर डीपी और प्रोफाइल पिक हटाकर ब्लैक डे का पोस्टर (मोनो) लगाया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि खेजरा रोड की बदहाली केवल गुलाबगंज निवासियों के लिए ही नहीं, बल्कि इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले सैकड़ों ग्रामीणों, किसानों और शिक्षकों के लिए एक नासूर बन चुकी है। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब प्रशासन ने मौन धारण कर रखा है, तो अब आर-पार की लड़ाई लडऩे के लिए संघर्ष समिति का गठन किया गया है। रविवार को चलाए गए इस डिजिटल विरोध अभियान को शहर से लेकर गाँव-गाँव तक भरपूर समर्थन मिला। लोगों ने सोशल मीडिया के ज़रिए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सडक़ का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो यह आंदोलन और अधिक उग्र रूप लेगा।
गुना सिटी



