गुना।(गरिमा टीवी न्यूज़) कलेक्टर की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा श्रम विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पेंशन योजनाओं, दिव्यांगजन कल्याण, मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, स्पर्श एवं यूडीआईडी पोर्टल, मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना, श्रमिक पंजीयन, बाल एवं बंधुआ श्रम उन्मूलन तथा सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 20 नवंबर 2026 को सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राही जोड़े को कुल 55 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। इसमें वधू को 49 हजार रुपये तथा आयोजन व्यवस्था के लिए 6 हजार रुपये निर्धारित हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पात्र जोड़ों का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करने तथा सम्मेलन के आयोजन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
----------------------------------
गुना में लगी आग की चपेट में आकर महिला और बकरियां झुलसीं
गुना। जिले के आरोन क्षेत्र के ग्राम हमीरपुर में एक खेत में खड़ी फसल में बुधवार शाम आग लग गई। इससे आग की चपेट में आकर कुछ बकरी और एक महिला झुलस गई। बाद में गुना से आग बुझाने फायर बिग्रेड भेजी गई।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को पुलिस ने गुना नपा को आग की सूचना दी। इस पर गुना से आग बुझाने दमकल वाहन भेजा गया। हालांकि तब तक बकरी और महिला आग की चपेट में आकर झुलस गए थे।
देर रात तक आग बुझाने का कार्य किया गया। मामले में नगर परिषद सीएमओ आरोन दिनेश सोनी ने बताया कि उनका दमकल वाहन कई दिनों से खराब है, जो गुना में मरम्मत के लिए भेजा गया है।
फिलहाल एक छोटे दमकल से काम चला रहे हैं। खराब दमकल करीब 10 वर्ष पुराना होकर आए दिन खराब होता रहता है। नए दमकल वाहन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है, जल्द ही नए दमकल वाहन का प्रबंध करेंगे।
गुना सिटी





