This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

स्वास्थ्य मंत्री की गोली मारकर हत्या:अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा; हमला करने वाला पुलिस अफसर अरेस्ट

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive
 


भुवनेश्वर। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्हें दोपहर 1 बजे झाड़सुगड़ा के ब्रजराजनगर में एक ASI ने गोली मार दी थी। दास को सीने में दो गोली लगी थी, जिसके बाद उन्हें एयरलिफ्ट करके इलाज के लिए भुवनेश्वर के अपोलो अस्पताल लाया गया था। घटना के करीब 7 घंटे बाद इलाज के दौरान दास की मौत हो गई।
घटना के दौरान मंत्री ब्रजराजनगर में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कार की अगली सीट पर बैठे दास अपने समर्थकों से मिलने के लिए जैसे ही नीचे उतरे ASI ने उनके सीने में दो गोली दाग दी। खून से लथपथ दास कार के पास ही गिर पड़े। घटनास्थल पर मौजूद उनके समर्थकों ने उन्हें पकड़ा और एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल भेजा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओडिशा के CM नवीन पटनायक ने उनकी मौत पर दुख जताया है।
पुलिस ने फायरिंग करने वाले ASI गोपालदास को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक आरोपी ने हमले की वजह नहीं बताई है। इधर, राज्य सरकार ने मामले की जांच CID-क्राइम ब्रांच को दे दी है। 7 सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम में साइबर, बैलिस्टिक और क्राइम ब्रांच के अधिकारी शामिल हैं। टीम का नेतृत्व DSP रमेश सी डोरा कर रहे हैं।
आई विटनेस एडवोकेट राम मोहन राव ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री नब दास कार्यक्रम में चीफ गेस्ट थे। जब वो पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए भीड़ जमा हो गई। तभी उन पर किसी ने गोली चला दी। हमने देखा एक पुलिसकर्मी पास से गोली चलाकर भाग रहा था।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो- मंत्री पर फायरिंग करने वाला ASI गोपाल दास मानसिक रूप से बीमार है, जिसका वो 7-8 साल से इलाज करा रहा है। यह बात गोपाल की पतनी जयंती ने कही है। जयंती का कहना है कि दवा लेने के बाद ही गोपाल सामान्य व्यवहार करता है। उन्होंने कहा- मुझे घटना की जानकारी न्यूज से ही मिली थी। वो पांच महीने पहले घर आया था। रविवार सुबह मेरी और बेटी की उससे वीडियो कॉल पर बात हुई थी। इसके बाद बात नहीं हुई।
ओडिशा के CM नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री पर के निधन की खबर मिलने पर कहा- ये मेरे लिए गहरा झटका है। वह पार्टी और सरकार दोनों के लिए महत्वपूर्ण थे। उनका निधन पूरे ओडिशा राज्य की क्षति है।
नब किशोर दास ने ओडिशा की झारसुगुड़ा सीट से 2004 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए। इसके बाद 2009 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीते। 2014 में भी कांग्रेस से जीते। साल 2019 का चुनाव वे बीजू जनता दल से लड़कर लगातार तीसरी बार इसी सीट से विधायक चुने गए। नब किशोर दास को क्षेत्र में प्रभावशाली नेता माना जाता था।
नब किशोर ओडिशा सरकार के सबसे अमीर मंत्रियों में से एक थे। उनके पास संबलपुर, भुवनेश्वर और झारसुगुड़ा के कई बैंकों में 45.12 लाख रुपए से अधिक रकम जमा है। इसके अलावा 15 करोड़ की कीमत के करीब 70 से अधिक वाहन हैं, जिसमें 1.14 करोड़ की एक मर्सिडीज बेंज भी शामिल है।
दास को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का बेहद करीबी नेता माना जाता था। इसलिए कांग्रेस से जब वे बीजू जनता दल (BJD) में आए तो पटनायक ने उन्हें स्वास्थ्य मंत्रालय का अहम जिम्मा सौंपा। दास हाल ही में भारी-भरकम दान कर सुर्खियों में आए थे। उन्होंने महाराष्ट्र के एक मंदिर में एक करोड़ रुपए से अधिक का सोने का कलश दान किया था। दास ने महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर मंदिर को 1.7 किलोग्राम सोने और 5 किलोग्राम चांदी से बने कलश दान किए थे जो देश के प्रसिद्ध शनि मंदिरों में से एक है।
नब किशोर दास 2015 में विधानसभा सत्र के दौरान पोर्न देखते पकड़े गए थे। इसके बाद तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष निरंजन पुजारी ने उन्हें एक हफ्ते के लिए निलंबित कर दिया था। इस मामले में नब किशोर ने कहा था कि मैंने अपने जीवन में आज तक कोई भी एडल्ट वीडियो नहीं देखा है। यह इंटरनेट का इस्तेमाल करने के दौरान गलती से हो गया। जैसे ही मुझे पता चला, मैंने उसी समय इसे बंद कर दिया था।

-------------------------------------------
भारत जोड़ो यात्रा की क्लोजिंग सेरेमनी आज:श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में होगा कार्यक्रम
श्रीनगर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की आज क्लोजिंग सेरेमनी होगी। यह यात्रा 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। 145 दिन बाद आज श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में औपचारिक तौर पर यात्रा का समापन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में फिल्म मेकर विशाल भारद्वाज और उनकी पत्नी व गायिका रेखा भारद्वाज भी शामिल होंगी।
रविवार 29 जनवरी को श्रीनगर के लाल चौक पर राहुल गांधी ने तिरंगा फहराया था। वह सुरक्षाकर्मियों की गाड़ी में वहां पहुंचे। उनके साथ बहन प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। तिरंगा फहराने के बाद राहुल की भारत जोड़ो यात्रा खत्म हो गई, जबकि इसे 30 जनवरी को खत्म होना था। सूत्रों ने बताया कि लाल चौक के कार्यक्रम के बाद यात्रा खत्म कर दी गई। कांग्रेस दफ्तर में सोमवार को होने वाला कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया है।
रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस राहुल गांधी ने कहा कि आर्टिकल 370 पर हमारा स्टैंड क्लियर है। हमारी वर्किंग कमेटी में इसकी चर्चा हुई है, इसके दस्तावेज दिखा दूंगा। हम जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र की बहाली चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के मुताबिक, आर्टिकल 370 हटने के बाद यहां सब ठीक हो गया है, लेकिन यहां टारगेट किलिंग हो रही है। लोगों में डर का माहौल है। अगर सब कुछ ठीक है तो अमित शाह जम्मू से श्रीनगर तक पदयात्रा करके दिखाएं।
कांग्रेस ने बुधवार 7 सितंबर को कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की। इस मौके पर राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए यात्रा के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि न्यूज चैनलों पर दिनभर प्रधानमंत्री मोदी को दिखाया जाता है। हम लोगों को कोई नहीं दिखाता, इसलिए हम यात्रा निकाल रहे हैं।
तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 12वां दिन है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को केरल के अलाप्पुझा के वडकल समुद्र तट पर मछुआरों से बात की। यात्रा शुरू करने के पहले राहुल ने मछुआरों से ईंधन की बढ़ती लागत, सब्सिडी में कमी, मछली का स्टॉक, शिक्षा के अवसर न मिलना और पर्यावरण के बारे में चर्चा की। यात्रा अब तक 200 KM की दूरी तय कर चुकी है।