शाजापुर । शाजापुर में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने जमकर तोड़फोड़ कर दी। करणी सेना ने आरोप लगाया कि उसके एक कार्यकर्ता के साथ टोल कर्मचारियों ने मारपीट की। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लाठी-डंडों के साथ मुंह पर कपड़ा बांधकर टोल प्लाजा पहुंचे। यहां करीब 3 घंटे तक बवाल किया। प्लाजा में कम्प्यूटर सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया।
सूचना के बाद एडिशनल एसपी, SDOP सहित 4 थानों की पुलिस पहुंची, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। 5 लोगों पर FIR दर्ज होने के बाद मामला शांत हुआ। इसमें टोलकर्मी पर फायरिंग करने के भी आरोप लगे हैं। घटना रविवार देर रात 10 बजे की है।
करणी सेना के कार्यकर्ता टोल प्लाजा के कर्मचारियों के खिलाफ FIR की मांग पर अड़े थे। रात 1 बजे तक पुलिस अधिकारी करणी सेना के लोगों को समझाते रहे। इस दौरान वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई। मक्सी पुलिस ने करणी सेना के पदाधिकारी सोनू उर्फ राजेंद्र सोनगरा की शिकायत पर टोल कर्मचारी ब्रजेंद्र सिंह चौहान, एसके सिंह, सुधांशु गौड़, सुधांशु तिवारी, प्रशांत शर्मा सहित अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज का मामला दर्ज किया है। तब जाकर यातायात चालू हो सका।
करणी सेना का कार्यकर्ता सोनू उर्फ राजेंद्र सोनगरा अपनी कार लेकर टोल प्लाजा से निकल रहा था। इस दौरान उसका टोल टैक्स को लेकर टोलकर्मियों से विवाद हो गया। टोलकर्मियों ने युवक सोनू से मारपीट कर दी। मारपीट में सोनू का सिर फट गया। इसके बाद विवाद अधिक बढ़ गया। मारपीट में घायल सोनू ने करणी सेना के अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। जिसके बाद बड़ी संख्या करणी सैनिक टोल प्लाजा पर आ गए। उनके चेहरे में कपड़ा और हाथों में लाठी-डंडे थे। इसके बाद वे प्लाजा के काउंटर में घुसे और जमकर तोड़फोड़ की।
करणी सेना के कार्यकर्ता अजित सिंह डोडिया का कहना है कि टोल कंपनी भारी भरकम टोल वसूल करती है। हमारे कार्यकर्ता ने इसका विरोध किया तो टोलकर्मियों ने उसका अपहरण कर लिया। उसे जबरदस्ती शराब पिलाई फिर उसके साथ मारपीट की। हम टोल के स्टाफ से बात करने गए तो उन्होंने 20-25 लोगों को बुला लिया और मारपीट शुरू कर दी। टोल के ब्रिजेंद्र सिंह चौहान ने 2 राउंड गोली चलाई। हमने बीच-बचाव किया। करणी भारी भरकम टोल के खिलाफ हमेशा लड़ती रही है। गाड़ी आती-जाती है तो टोलकर्मी 520 रुपए वसूलते हैं।
एडिशनल एसपी टीएस बघेल का कहना है कि रोजवास टोल पर पैसों के लिए टोलकर्मी और कार चालक के बीच विवाद हुआ। उसमें टोलकर्मियों ने चालक के साथ मारपीट की। घायल की शिकायत पर आरोपी टोलकर्मियों पर FIR की गई है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। फिलहाल एक पक्ष ने ही शिकायत कराई है।