This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

यात्रा रोकने पर भड़के दिग्विजय:पुलिस अफसरों को दी धरने की चेतावनी; बाद में यात्रा के साथ 8km पैदल चले

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive
 


भोपाल। भोपाल में कांग्रेस की 'संविधान बचाओ लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा' को रोकने पर दिग्विजय सिंह पुलिस अफसरों पर भड़क गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यात्रा को आगे नहीं बढ़ने दिया तो मैं यहीं धरने पर बैठ जाऊंगा। आखिरकार अफसरों ने यात्रा को आगे जाने दिया। जिसके बाद खुद दिग्विजय सिंह यात्रा के साथ करीब 8 किलोमीटर तक पैदल चले।
कांग्रेस की ये यात्रा 21 सितंबर को विदिशा जिले के लटेरी तहसील के काठपुरा गांव से निकली थी। इसका समापन भोपाल के अंबेडकर मैदान पर एक सभा के रूप में होना था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे जैसे ही यात्रा लांबाखेड़ा पहुंची, पुलिस ने यात्रा को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस बात की जानकारी मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंच गए थे।
दिग्विजय सिंह को इस यात्रा में रोशनपुरा चौराहे पर शामिल होना था। जब उन्हें यात्रा रोकने की जानकारी मिली तो वे लांबा खेड़ा पहुंच गए। यहां पुलिस से बातचीत के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि 'मेरा नियम है, मैं पूजा किए बिना अनाज नहीं खाता। यात्रा रोके जाने का पता चला तो बिना भोजन किए आया हूं, फिर भी आपके साथ पैदल चलूंगा।' इसके बाद दिग्विजय सिंह लांबाखेड़ा से भोपाल तक करीब साढ़े आठ किमी पैदल चले।
दिग्विजय सिंह ने कहा- आज महात्मा गांधी का जन्मदिन है। बापू अहिंसा के पुजारी थे। 12 दिनों से सुनील आदिवासी 400 किलोमीटर पैदल चला तो किसी से झगड़ा नहीं किया। शांति मार्च किया। 2 अक्टूबर को यहां आने का मकसद यह था कि हम अनुसूचित जाति, जनजाति के अधिकारों की सुरक्षा के लिए शांतिपूर्ण ढंग से पैदल मार्च करेंगे।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति के लोगों की जमीनें छीनी जा रही है। आदिवासियों पर पेशाब किया जा रहा है। ये भाजपा की सरकार और ये जो मामा कहता है कि मैं तुम्हारा हूं। मैं कहता हूं कि तुम किसी के नहीं हो, तुम केवल नकद रुपए के हो। तुम किसी के सगे नहीं हो। मैं उन पर आरोप लगा रहा हूं। अगर उनमें हिम्मत होती तो मेरे ऊपर मामा मानहानि का दावा करते। मेरे पास भ्रष्टाचार के प्रमाण हैं।
दिग्विजय सिंह ने कहा- महापुरुषों ने आजादी दिलाई, लोकतंत्र दिया। जिसे अब ये लोग बेच रहे हैं। सरकार को गिराने में करोड़ों रुपए किसके लगे थे? कहते हैं काला बाजार, काला पैसा। विधायकों को क्या चेक से पेमेंट किया था? क्या विधायकों को चेक से पेमेंट किया था? नोटों की गड्डियों से पेमेंट किया था। पता नहीं नोट की गड्‌डी नकली थी या सही थी। मुझे नहीं मालूम लेकिन ये लोग ये काम भी कर सकते हैं क्योंकि इन्होंने नोटबंदी के दौरान यही काम किया था।
-------------------------------

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघ के हमले में चरवाहे की मौत
उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (BTR) में सोमवार को बाघ के हमले में चरवाहे की मौत हो गई। BTR के अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। हाथियों को बुलाकर पूरे जंगल में सर्चिंग कराई जा रही है। परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश अहिरवार ने बताया कि राममिलन चौधरी (60) ग्राम गाटा निवासी मानपुर बफर परिक्षेत्र में मझखेता बीट के आर एफ 359 कक्ष में मवेशी चरा रहा था। इसी दौरान बाघ ने हमला कर दिया।
रिजर्व के सूत्रों के मुताबिक, 1 जनवरी 2023 से 2 अक्टूबर 2023 तक मानपुर बफर परिक्षेत्र में वन्य प्राणियों के हमलों में 5 ग्रामीणों की मौत हो चुकी है। वहीं, पूरे टाइगर रिजर्व क्षेत्र में 13 ग्रामीणों की जान गई है। इसके साथ ही करीब 50 ग्रामीणों को वन्य प्राणियों ने घायल किया है।

-------------------------------
सिवनी में लगातार दूसरे दिन भूकंप का झटका
सिवनी शहर में सोमवार सुबह 7 बजकर 27 मिनिट पर भूकंप का झटका महसूस किया गया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 2.9 रही। इससे पहले लोगों ने रविवार रात 9.20 बजे भी घरघराहट के साथ ऐसा महसूस किया था। किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर फिलहाल नहीं मिली है। नागरिकों ने झटके लगने के कारणों का पता लगाने की मांग की है।
भोपाल आ रही कांग्रेस की यात्रा को पुलिस ने रोका
विदिशा से भोपाल आ रही कांग्रेस की 'संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ' यात्रा को पुलिस ने सोमवार को लांबाखेड़ा में रोक दिया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचे। आदिवासी नेता सुनील आदिवासी के नेतृत्व में निकल रही इस यात्रा में दिग्विजय को रोशनपुरा से शामिल होना था, लेकिन पुलिस के रोकने की वजह से वे करोंद चौराहे से लांबाखेड़ा के बीच यात्रा में पहुंच गए। दिग्विजय ने पुलिसकर्मियों से कहा कि यात्रा को यदि रोशनपुरा चौराहे तक नहीं जाने दिया गया तो वे यहीं धरना देंगे।