This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

कांग्रेस बोली-BJP वॉशिंग मशीन, मोदी वॉशिंग पाउडर:कहा- विपक्षी नेताओं पर 51 केस, उनके लीडर्स पर 20 लेकिन कार्रवाई एक में भी नहीं

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive
 

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उनके सामने टेबल पर वॉशिंग मशीन रखी थी। इस पर BJP वॉशिंग मशीन लिखा हुआ था। खेड़ा बोले- भाजपा जिन नेताओं पर करोड़ों के घोटाले का आरोप लगाती है, उन्हें पार्टी में शामिल करवाती है और केस वापस ले लेती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास ऐसी वॉशिंग मशीन है, जिसमें 10 साल पुराना केस भी डालो तो आरोपी बेदाग निकलता है। मशीन के साथ-साथ ये कमाल मोदी वॉशिंग पावडर का भी है।
खेड़ा ने एक पेपर जारी करके आरोप भी लगाया कि विपक्ष के नेताओं को डराने धमकाने के लिए CBI, ED और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
हम ऐसी वॉशिंग मशीन न आपको बेच पाएंगे और न आप खरीद पाएंगे, क्योंकि 8,552 करोड़ की मशीन केवल एक ही आदमी रख सकता है, उसका नाम नरेंद्र मोदी है।
खेड़ा ने विपक्ष के 51 केस गिनाए जिस पर कार्रवाई हो रही है। इसके अलावा उन्होंने 20 केस ऐसे गिनाए, जिनमें सत्ता पक्ष और उसके करीबी पार्टियों के नेताओं पर केस दर्ज हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। खड़गे ने जिन नेताओं के बारे में कहा है उनके मुकुल रॉय, सुवेंदु अधिकारी, मिथुन चक्रवर्ती, सोवन चटर्जी, वायएस चौधरी, जगन रेड्‌डी का नाम भी है।
खेड़ा ने कहा कि NCP नेता प्रफुल्ल पटेल इसके जीते-जागते उदाहरण हैं। भाजपा ने उन पर अरबों रुपए के घोटाले का आरोप लगाया। जब वे NCP को तोड़कर भाजपा के साथ गए तो उनके सारे दाग साफ हो गए। असम के CM हिमंता सरमा की भी कुछ यही कहानी है।
नेता जिन पर कांग्रेस ने आरोप लगाया-
हिमंत बिस्वा सरमा: गुवाहाटी में जलापूर्ति घोटाले में आरोपी। भाजपा ने पहले उनके खिलाफ एक श्वेत पत्र निकाला था।
नारायण राणे: इनके खिलाफ CBI/ED ने कई मामले दर्ज किए हैं। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।
अजित पवार: पीएम मोदी ने एनसीपी के खिलाफ 70,000 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया। ED ने सतारा के जरांदेश्वर चीनी मिल की 2010 में धोखे से हुई बिक्री में चार्जशीट दाखिल की। अजित पर जांच जारी थी।
हसन मुश्रीफ: ED हसन मुश्रीफ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले और कोल्हापुर स्थित चीनी मिल, संताजी घोरपड़ेशुगर फैक्ट्री में गड़बड़ियों की जांच कर रही है। फैक्ट्री मुश्रीफ का परिवार चलाता है। NCP से अलग होने के बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
छगन भुजबल: 2016 में ED ने महाराष्ट्र सदन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में छगन भुजबल को गिरफ्तार किया था। उन्हें 2018 में बॉम्बे हाईकोर्ट ने जमानत दे दी थी। हालांकि एनसीपी से अलग होने के बाद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। भुजबल, उनके रिश्तेदारों और फर्मों के खिलाफ बेनामी संपत्ति मामले में कार्रवाई भी बंद हो गई है।
अशोक चव्हाण: भाजपा ने उन पर आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाले का आरोप लगाया और उनके भाजपा में शामिल होने के बाद से इस मामले में कुछ भी आगे नहीं बढ़ा है।
खेड़ा ने कहा- प्रफुल्ल पटेल के खिलाफ CBI ने मामला बंद कर दिया है। वे कुछ महीने पहले ही BJP गठबंधन में शामिल हुए थे। प्रफुल्ल पटेल वॉशिंग मशीन में गए और साफ होकर निकले। ये महज एक नाम नहीं है बल्कि ऐसे 21 नाम हैं।
BJP ने प्रफुल्ल पटेल पर आरोप लगाए थे कि एअर इंडिया को लीज पर हवाई जहाज लेने की कोई जरूरत नहीं थी, लेकिन फिर भी हवाई जहाज लिए गए, जिससे 3000 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ। कहा गया कि पैसा हमें मिला। उस वक्त के CAG विनोद रॉय ने अनाप-शनाप टिप्पणियां कीं, लेकिन अगर आरोप झूठे थे तो नरेंद्र मोदी को इस देश से माफी मांगनी चाहिए।
मोदी सरकार ने ED, IT, CBI जैसी स्वतंत्र संस्थाओं का इस्तेमाल अपना राजनीतिक विस्तार करने के लिए हथियार के रूप में किया है। चाहे वह फर्मों से इलेक्टोरल बॉन्ड की वसूली के लिए ED का दुरुपयोग हो या फिर 30 साल पुराने नोटिस के जरिए प्रमुख विपक्षी दलों को परेशान करने के लिए आयकर विभाग का उपयोग हो, भाजपा संस्थाओं को कमजोर करने में आदतन अपराधी बन गई है।
----------------------------------
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज I.N.D.I.A की रैली:AAP ने कहा- विपक्ष को निशाना बनाया जा रहा
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आज 31 मार्च को INDIA ब्लॉक महारैली करने वाला है। इसमें 26 दलों के नेता शामिल हो सकते हैं। लोकसभा चुनाव से पहले यह विपक्ष की पहली बड़ी रैली होगी। शनिवार को AAP नेता गोपाल राय और दिलीप पांडे ने रामलीला मैदान में तैयारियों का निरीक्षण किया।
गोपाल राय ने कहा कि गठबंधन के नेता 'तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ' रैली में पहुंच रहे हैं। केंद्र सरकार एजेंसियों की मदद से विपक्ष के नेताओं को निशाना बना रही है। एक चुने हुए मुख्यमंत्री को किसी के आरोपों के आधार पर जेल में डाल दिया गया। ये जो खेल चल रहा है, इसी के खिलाफ कल महारैली होने जा रही है।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि INDIA गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं को राज्यों में कोई भी पूछने वाला नहीं है। इसलिए जहां भीड़ इकट्ठा होती है, वहां अपना भाषण देते हैं। आज जनता ने इन्हें अस्वीकार कर दिया है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 4-5 मुद्दे हैं जिन पर यह रैली आयोजित की गई है। हमें हेमंत सोरेन, अरविंद केजरीवाल और कई अन्य लोगों को भी नहीं भूलना चाहिए, जिन्हें निशाना बनाया गया है। कल की रैली को लोकतंत्र के नजरिए से देखा जाना चाहिए ना कि किसी एक पार्टी की रैली के तौर पर। यह रैली एक व्यक्ति को बचाने के लिए नहीं, संविधान को बचाने के लिए हैं।
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी मार्लेना और सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि शराब कारोबारियों की साउथ लॉबी से BJP के तार जुड़े हुए हैं। केजरीवाल के खिलाफ बयान देने वाले मगुंटा श्रीनिवासलु रेड्डी और उनका बेटा राघव मगुंटा 28 मार्च को BJP की सहयोगी पार्टी TDP में शामिल हो गए। मार्च 29 को मगुंटा को TDP ने लोक सभा का चुनाव लड़ने का टिकट मिलता है।
साउथ लॉबी के शरथ रेड्डी भाजपा को 55 करोड़ का चंदा देते हैं। मगुंटा श्रीनिवासलु रेड्डी को भाजपा की सहयोगी पार्टी टिकट देती है, तो क्या अब ED भाजपा को शराब घोटाले की जांच में आरोपी बनाएगी?
28 मार्च को शराब नीति केस में राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल की ED कस्टडी 4 दिन और बढ़ा दी। अब वे एक अप्रैल तक हिरासत में रहेंगे। केजरीवाल ने खुद अपने केस की पैरवी की। वे ऐसा करने वाले देश के पहले सिटिंग सीएम बन गए हैं। ED ने कोर्ट से केजरीवाल की 7 दिन की कस्टडी और मांगी थी।
केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा कि इस केस में मेरा नाम सिर्फ चार जगह आया है। 4 स्टेटमेंट दिए गए और उनमें से कोर्ट के सामने वो बयान लाया गया, जिसमें मुझे फंसाया गया। क्या ये 4 स्टेटमेंट एक मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करने के लिए काफी हैं?
इसके जवाब में ED ने कहा- मुख्यमंत्री कानून से ऊपर नहीं हैं। वहीं, कोर्ट में पेशी के लिए जाते वक्त उनसे पूछा गया कि LG ने कहा था कि सरकार जेल से नहीं चलेगी। इसके जवाब में केजरीवाल ने कहा कि ये पॉलिटिकल षड्यंत्र है, जनता इसका जवाब देगी।
------------------------------
पीवी नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह समेत इन विभूतियों को मरणोपरांत मिला भारत रत्न
नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन में आज भारत रत्न समारोह का आयोजन हुआ. इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की कई विभूतियों को भारत रत्न सम्मान से सम्मानित किया. राष्ट्रपति मुर्मु ने भारत के दो पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह, हरित क्रांति के जनक कहे जाने वाले वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया.
सभी के पुरस्कार उनके परिजनों ने प्राप्त किए. पूर्व PM पीवी नरसिम्हा राव के बेटे पीवी प्रभाकर राव ने राष्ट्रपति से अपने पिता को प्रदान किया गया सम्मान प्राप्त किया. वहीं, चौधरी चरण सिंह के पोते और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने मुर्मु से सम्मान स्वीकार किया. स्वामीनाथन की बेटी नित्या राव और कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर ने राष्ट्रपति से भारत रत्न प्राप्त किया. बता दें कि सरकार ने इस साल 5 भारत रत्न पुरस्कारों की घोषणा की थी. इसमें भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी भी शामिल हैं.