This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

देश का सबसे बड़ा कार चोर:27 साल में 5000 कार चुराईं, 180 केस दर्ज , 3 बीवियों और 7 बच्चों

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active
 


दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को देश के सबसे बड़े कार चोर अनिल चौहान को गिरफ्तार कर लिया। अनिल चौहान पर 5000 कारें चुराने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि 52 साल के अनिल ने चोरी के दम पर दिल्ली, मुंबई और नॉर्थ ईस्ट में कई प्रॉपर्टी खरीदी हैं। वह रईसी वाली जिंदगी जी रहा था। पुलिस के मुताबिक, अनिल की तीन बीवियां और सात बच्चे हैं।
पुलिस का दावा है कि यह देश का सबसे बड़ा कार चोर है। इसने 27 साल में 5000 से ज्यादा कार चुराई हैं। सेंट्रल दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ को अनिल के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद उसे देशबंधु गुप्ता रोड से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके पास से छह पिस्टल और सात कारतूस बरामद किए हैं।
दिल्ली के खानपुर इलाके में रहते हुए अनिल ऑटोरिक्शा चलाने का काम करता था। 1995 के बाद उसने कार चुराना शुरू किया। 27 साल में उसने सबसे ज्यादा मारुति 800 मॉडल चुराया। अनिल देश के अलग-अलग इलाकों से कार चुराकर उन्हें नेपाल, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों को भेजता था। चोरी के दौरान उसने कई टैक्सी ड्राइवरों का मर्डर भी किया।
इसके बाद वह असम जाकर रहने लगा। कार चोरी करके कमाई संपत्ति से उसने दिल्ली, मुंबई और पूर्वोत्तर राज्यों में प्रॉपर्टी खरीदीं। वह असम में सरकारी कॉन्ट्रैक्टर बन गया था और वहां के लोकल लीडर्स के संपर्क में था।
पुलिस के मुताबिक, अनिल फिलहाल हथियारों की तस्करी में शामिल है। उस पर आरोप है कि उसने उत्तर प्रदेश से हथियार लाकर पूर्वोत्तर राज्यों के प्रतिबंधित संगठनों को सप्लाई किए। प्रवर्तन निदेशालय ने उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस भी दर्ज किया था।
अनिल को पुलिस ने कई बार गिरफ्तार किया था। 2015 में एक बार वह कांग्रेस MLA के साथ गिरफ्तार किया गया था। तब उसने पांच साल जेल में बिताए और 2020 में रिहा हुआ। उसके खिलाफ 180 केस दर्ज हैं।
-------------------------------
महिला SI पर पुलिस ने किया केस, मां से बहस करने पर ससुर को पीटा
दिल्ली । दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में एक महिला सब-इंस्पेक्टर पर दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज किया है। महिला SI का अपने ससुर की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह अपनी मां और एक पुलिस वाले के सामने बुजुर्ग ससुर को थप्पड़ मारती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
घटना रविवार की है, जब इस महिला की मां और एक पुलिस कर्मी उसके ससुर के घर पर आए थे। मारपीट से पहले सब इंस्पेक्ट की मां और बुजुर्ग के बीच तीखी बहस होती है। इस बहस के दौरा न ही वह बुजुर्ग महिला की मां को धक्का मार देता है। महिला SI अपने ससुर पर थप्पड़ों की बरसात कर देती है। हालांकि, वहां मौजूद पुलिस कर्मी इसे रोकने की कोशिश करता दिखता है, लेकिन नाकाम रहता है।
64 साल के बुजुर्ग का आरोप है कि रविवार को बहू और उसकी मां उनके घर आए और खिड़कियां तोड़ दीं। इसके बाद आरोपी महिला ने बुजुर्ग को उनके बीच चल रहे एक अदालती मामले को लेकर थप्पड़ मार दिया। बुजुर्ग का कहना है कि उसकी बहू दो साल से अपनी पुलिस पावर का इस्तेमाल कर परिवार को परेशान कर रही है और उनसे मारपीट करती है।
-------------------------------------
बैंक में डकैती करने गए थे, एनकाउंटर में एक ढेर, 2 पकड़े गए, 2 फरार
रांची। झारखंड के धनबाद में मुथुट फाइनेंस बैंक में डकैती करने पहुंचे 5 बदमाशों में से एक को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। 2 मौके से भागने में कामयाब हुए हैं। पुलिस ने शहर में नाकेबंदी की है। सभी की तलाश जारी है।
मामला बैंक मोड़ थाना इलाके की मुथुट फाइनेंस बैंक का है। जहां सुबह करीब 10 बजे 5 बदमाश डकैती करने के लिए बैंक के अंदर घुसे। वे बंदूक की नोंक पर बैंक में लूटपाट करने लगे। बैंक कर्मचारियों ने फौरन पुलिस को सूचना दी। पुलिस भी तुरंत वहां पहुंच गई। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश ढेर हो गया।
पुलिस ने 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है, लेकिन उनके 2 साथी भागने में कामयाब रहे। पुलिस अब उन दोनों की तलाश में है। शहर में अलर्ट जारी किया गया है। नाकेबंदी कर दोनों को ढूंढा जा रहा है।
एसएसपी संजीव कुमार के मुताबिक बदमाश पिछले 10 दिन से इलाके में रैकी कर रहे थे। सभी अलग-अलग जगहों पर यह लोग रह रहे थे। धनसार में भी एक कमरा लिया हुआ था। शहर के दूसरे थाना क्षेत्रों में भी किराए से कमरा लिए हुए थे।
एसएसपी संजीव कुमार ने बताया कि अपराधियों के पास से अलग-अलग आईडी बरामद हुई है। एक के पास से बरामद आईडी में नाम निर्मल सिंह पवार और पता इंदौर लिखा है। दूसरे के पास से मिले आधार कार्ड पर नाम गुंजन कुमार और पता- रांची लालगंज के नाम से बना हुआ है। पूछताछ में गुंजन सिंह ने अपना नाम राघव बताया है और पता लखीसराय बताया है। दूसरा अपराधी निर्मल सिंह पवार अपना नाम आसिफ बता रहा है और वह समस्तीपुर का रहने वाला है। जो मारा गया है उसके बारे में इन्होंने बताया है रॉबर्ट उर्फ रैबिट, लेकिन वह कहां का रहने वाला है, इसकी जानकारी इन्हें भी नहीं है।