This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

27 की मौत: देवी दर्शन करके लौट रहे थे, मृतकों में 14 बच्चे और 13 महिलाएं , ...दुर्गा पंडाल में लगी भीषण आग, 64 लोग...

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive
 


कानपुर। कानपुर के घाटमपुर में शनिवार रात 50 श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में गिर गई। हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई। 10 से ज्यादा घायल हैं। गांव वालों की मदद से पुलिस रेस्क्यू में जुटी है। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु उन्नाव के चंद्रिका देवी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। मरने वालों में 14 बच्चे और 13 महिलाएं शामिल हैं।
SP आउटर तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि सभी लोग घाटमपुर के कोर्था गांव के रहने वाले हैं। घायलों को भीतरगांव सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों को कानपुर के हैलट हॉस्पिटल रेफर किया गया है। मृतकों का पोस्टमॉर्टम रात में ही किया जाएगा।
घटना को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की मुआवजा देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख जताया है। सीएम ने सीएम ने अपील की है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग सिर्फ कृषि कार्यों और माल ढुलाई के लिए ही करें। इससे सवारियों की ढुलाई न करें।
सीएम ने कैबिनेट मंत्री राकेश सचान एवं अजीत पाल को मौके पर जाकर राहत कार्यों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए हैं। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
बताया जा रहा है कि ये सभी उन्नाव जिले के चंद्रिका देवी मंदिर में मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दर्शन कर वापस अपने गांव कोरथा लौट रहे थे। वापस लौटते समय घाटमपुर के साढ़ और गंभीरपुर गांव के बीच सड़क किनारे एक तालाब में इनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
जानकारी के अनुसार, कोरथा के रहने वाले राजू निषाद अपने बच्चे का मुंडन कराने रिश्तेदारों संग चंद्रिका देवी मंदिर गए थे। राजू ही ट्रैक्टर चला रहा था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि तीन चार जो लोग कूद गए, वो ही बचे हैं। बाकी लोग दबे हुए हैं। हादसे में माता-पिता और जिस बच्चे का मुंडन था, उनकी भी मौत हो गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एम्बुलेंस मौके पर भेजे गए। हालांकि स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण एम्बुलेंस देरी से पहुंची। अगर एम्बुलेंस सही समय पर पहुंचती तो और लोगों की जान बच सकती थी। माना जा रहा है कि ट्रैक्टर के अंदर दबे लोगों की दम घुटने से मौत हुई है। फिलहाल राहत कार्य जारी है। मौके पर सांसद देवेंद्र सिंह भोले और विधायक अभिजीत सिंह सांगा भी पहुंच गए हैं।
कानपुर हैलेट मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय काला ने बताया कि अस्पताल में 2 बच्चों की मौत डूबने से हुई है। इनके नाम 3 वर्ष की दिव्या और 12 साल की रंजना है। एडमिट बाकी 4 लोग की हालत खतरे से बाहर है।
मृतकों के नाम...
शिवम पुत्र कल्लू (4)
जानकी पुत्री कल्लू (5)
मिथिलेश पत्नी सफीक (50)
केशकली पति देशराज (40)
पलक पुत्री राम आधार (4)
अंजली पुत्री रामसजीवन (13)
किरन पुत्री शिवनायक (15)
खुशी पुत्री पुन्तीलाल
मनीषा पुत्री रामदुलारे (17)
अनिता देवी पति बीरेंद्र सिंह (35)
रामजानकी पत्नी छिद्दू (60)
कलावती पत्नी रामदुलारे (50)
विनीता पत्नी कल्लू (36)
तारा देवी पत्नी केवट (50)
रवि पुत्र शिवराम (10)
छोटू पुत्र राम दुलारे (12)
गीता सिंह पति शंकर सिंह ( 50)
मायावती पत्नी राम बाबू (50)
उषा पत्नी बृजलाल सिंह ( 45)
शिवानी पुत्री राम खेलावन (12)
रानी पत्नी राम शंकर ( 50)
सुनीता पुत्री रंपत निषाद (15)
पार्वती पत्नी सियाराम (65)
बिंदिया पुत्री राजू (3)
प्रीति पुत्री राजाराम (18)
सोनिका पुत्री राजाराम (18)
अभी पुत्र राजू (7)
------------------------------------------

दुर्गा पंडाल में लगी भीषण आग, 64 लोग झुलसे, 2 की मौत
उत्तर प्रदेश के भदोही में रविवार शाम को भीषण हादसा हो गया। यहां एक दुर्गा पंडाल में आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक बच्चा और एक महिला शामिल है। वहीं, 64 लोग झुलस गए। 33 की हालत गंभीर है। इन्हें वाराणसी के BHU रेफर किया गया है। हादसा औराई क्षेत्र के नरथुआ में हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पंडाल में करीब डेढ़ सौ लोग मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक, आग उस समय लगी जब आरती की जा रही थी। इससे अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। भीड़ ज्यादा होने की वजह से लोग जब तक बाहर निकलते, उससे पहले आग की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह से लोगों को बाहर निकाला।​​​एक प्रत्यक्षदर्शी महिला बुद्धी ने बताया कि शॉर्ट-सर्किट की वजह से आग लगी। इसके बाद पूरे पंडाल में फैल गई।पूरी खबर यहां पढ़ें...
पंजाबी गायक अल्फाज पर हुआ जानलेवा हमला, सिंगर हनी सिंह ने दी जानकारी
पंजाबी सिंगर अल्फाज पर जानलेवा हमला हुआ है, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। मोहाली के एक रेस्तरां में मामूली झगड़े के बाद अल्फाज पर यह हमला किया गया है। गंभीर हालत में उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया है। अल्फाज पर हमले की सूचना सिंगर हनी सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर उनकी तस्वीर शेयर करके दी है।
मुंबई में DRI ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया, 2 करोड़ से ज्यादा का गांजा जब्त
मुंबई में DRI ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। 3.5 किलोग्राम गांजा ( हाइड्रोपोनिक वीड ) जब्त किया है। इसकी कीमत 2 करोड़ की ज्यादा बताई जा रही है।
डीआरआई के अधिकारी ने कहा कि जांच में पता चला है कि इसके ऑर्डर के लिए डार्क वेब का इस्तेमाल किया गया है। इतना ही नहीं भुगतान क्रिप्टो करेंसी से हुआ है।
पालघर में चार्ज करते समय इलेक्ट्रिक स्कूटर में ब्लास्ट, 7 साल के बच्चे की मौत
महाराष्ट्र के पालघर में चार्ज करने के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटर ब्लास्ट हो गया है। इसकी चपेट में आने से सात साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसा वसई इलाके में हुआ। मानिकपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।