This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

शाहरुख खान को मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम ने रोका:शारजाह से 18 लाख की घड़ियां लाए थे

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive
 


मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम्स ने रोक लिया। एयरपोर्ट पर तैनात एयर इंटेलिजेंस यूनिट यानी AIU के सूत्रों ने बताया कि शाहरुख शुक्रवार रात को शारजाह से लौटे थे। उनके पास महंगी घड़ियां और उनके कवर थे, जिनकी कीमत 18 लाख रुपये थी। इन घड़ियों के लिए शाहरुख को 6.83 लाख रुपए की कस्टम ड्यूटी चुकानी पड़ी।
शाहरुख खान प्राइवेट चार्टर्ड प्लेन से शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे मुंबई पहुंचे थे। यहां T-3 टर्मिनल पर रात करीब 1 बजे रेड चैनल पार करते समय कस्टम ने शाहरुख खान और उनकी टीम को रोका था। उनके बैग की जांच में Babun & Zurbk घड़ी, Rolex घड़ी के 6 डिब्बे Spirit ब्रांड की घड़ी, ऐपल सीरीज की घड़ियां मिलीं। साथ ही घड़ियों के खाली बॉक्स भी मिले थे।
एयरपोर्ट पर घंटे भर चली कार्रवाई के बाद शाहरुख और उनकी मैनेजर पूजा ददलानी को जाने दिया गया, लेकिन शाहरुख के बॉडीगार्ड रवि और टीम के बाकी सदस्यों को रोक लिया गया। जानकारी के मुताबिक, शाहरुख के बॉडीगार्ड रवि ने ही 6 लाख 87 हजार रुपए की कस्टम ड्यूटी चुकाई।
कस्टम डिपार्टमेंट की प्रोसेस शनिवार सुबह तक चली। सुबह करीब 8 बजे प्रोसेस पूरा होने के बाद ही कस्टम अधिकारियों ने रवि को छोड़ा। कई रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि जुर्माने की रकम शाहरुख के क्रेडिट कार्ड से ही चुकाई गई है।
शाहरुख 11 नवंबर को UAE के एक्सपो सेंटर पहुंचे थे। वहां शारजाह इंटरनेशनल बुक फेयर 2022 के 41वें एडिशन में भाग लेने पर उन्हें ग्लोबल आइकॉन ऑफ सिनेमा एंड कल्चरल नरेटिव अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। इस इवेंट में शामिल होने के लिए शाहरुख अपनी टीम को भी प्राइवेट चार्टर्ड प्लेन से लेकर गए थे। इसी प्लेन से वे शुक्रवार की देर रात साढ़े 12 बजे मुंबई लौटे थे।
शाहरुख खान को 2011 में भी कस्टम्स ने मुंबई एयरपोर्ट पर रोका था। वहीं, 2009, 2012 और 2016 में उन्हें तीन अलग-अलग अमेरिकी एयरपोर्ट्स पर रोका जा चुका है। हालांकि, विदेशी एयरपोर्ट्स पर शाहरुख को रोके जाने की वजह सुरक्षा जांच रही थी।
शाहरुख खान 2011 में अपनी फैमिली के साथ लंदन और हॉलैंड घूमने गए थे। जब शाहरुख मुंबई लौटे, तो एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया था। उनसे कई घंटे तक पूछताछ हुई थी। उनके पास मौजूद अघोषित सामान के लिए जुर्माने के तौर पर डेढ़ लाख रुपए जमा कराने के बाद ही उन्हें एयरपोर्ट से बाहर आने दिया गया था।
शाहरुख खान को 2009 में न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर रोका गया था और घंटों उनके सामान की तलाशी ली गई थी। इसकी वजह यह थी कि शाहरुख खान एक आतंकी का भी नाम था और उस समय गूगल सर्चिंग में आतंकी की प्रोफाइल के साथ शाहरुख खान की तस्वीर दिखाई देती थी। हालांकि इस खामी को बाद में सुधार लिया गया था।
----------------------------------
देवी-देवताओं पर कमेंट करने वाला AAP का स्टार प्रचारक:भाजपा ने हमला बोला, केजरीवाल का पलटवार- आप ठग सुकेश से प्रचार कराइए
नई दिल्ली। दिल्ली में MCD चुनाव से पहले भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच जुबानी जंग जारी है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राजेंद्र गौतम और गोपाल इटालिया को चुनाव में स्टार प्रचारक बनाए जाने पर सवाल उठाए। इस पर केजरीवाल ने कहा कि तिहाड़ जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर को भाजपा में शामिल कराना चाहिए और उसको अध्यक्ष बनाना चाहिए। कम से कम उसे स्टार प्रचारक ही घोषित कर दें। AAP के नेता राजेंद्र गौतम और गोपाल इटालिया पर हिंदू देवी-देवताओं पर कमेंट किया था।
दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल (LG) विनय कुमार सक्सेना पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने कहा कि उपराज्यपाल दिल्ली की जनता को परेशान करते हैं। उन्होंने दिल्ली में योग पर रोक लगाई। उन्होंने एक कहावत है, मारने वाले से बचाने वाला ज्यादा अच्छा होता है। इसके बाद उन्होंने सिद्धार्थ गौतम की कहानी सुनाई।
केजरीवाल ने कहा- हमने सिद्धार्थ गौतम की कहानी सुनी है, हंस को बचाने वाली। आज दिल्ली में भी वही हालत है। LG और भाजपा वाले रोज दिल्ली वालों को तीर मार रहे हैं और हम उन्हें बचा रहे हैं। सबसे दुःख तब हुआ, जब उन्होंने योग की क्लास बंद कर दी। 17 हजार लोगों को योग क्लास जाने से रोक दिया।
केजरीवाल ने कहा- जिन्होंने योग क्लासेज पर रोक लगाई है उन्हें पाप लगेगा। दिल्ली में योग क्लास बंद नहीं होंगे। इसके लिए वे कहीं से भी पैसे लेकर आएंगे। LG ने दिल्ली के 17 हजार लोगों को योग करने से रोकने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि योग टीचर को सैलरी नहीं दी जाएगी।
दिल्ली के CM ने कहा- भाजपा वाले हमेशा मुझे गाली देते रहते हैं, मुझे खालिस्तानी बताते हैं। मैंने कुछ गलत किया है तो मुझे जेल में बंद कर दो, लेकिन भाजपा वाले बताएं कि 15 साल में आपने क्या काम किए। 15 सालों में 5 काम बताएं। भाजपा को अपनी नफरत वाली राजनीति बंद करनी होगी। उन्होंने एक वॉट्सऐप नंबर (7277972779) जारी किया। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोग वॉट्सऐप पर मैसेज करके अपनी राय दे सकते हैं।
अरविंद केजरीवाल ढोंगी चुनावी हिंदू हैं- गौरव भाटिया
केजरीवाल के प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले भाजपा प्रवक्ता ने केजरीवाल को फर्जीवाल और ढोंगी बताया। उन्होंने कहा कि ढोंगी चुनावी हिंदू अरविंद केजरीवाल ने कहां कि मैं अपने मंत्री बर्खास्त करता हूं, लेकिन गिर्गिटान अरविंद केजरीवाल रंग बदलते समय नहीं बदलता है।
उन्होंने कहा- केजरीवाल रंग बदलने वाले नेता हैं। आपसे ये भी पूछा जाएगा कि मनीष सिसोदिया ने कहा था कि भव्य राम मंदिर की कोई जरूरत ही नहीं और वहां एक विश्वविद्यालय बनना चाहिए। जब चुनाव आते हैं तो आपको हनुमान चालीसा का पाठ भी याद आ जाता है। भाटिया ने कहा- इतना ढोंगे मत करो की जहर बाहर आपके चेहरे पर दिखे।
--------------------------------------
नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलेगी कांग्रेस:मधुसूदन मिस्त्री बोले- मोदी कभी पटेल नहीं बन सकते
अहमदाबाद। कांग्रेस ने गुजरात चुनाव के लिए शनिवार को अहमदाबाद में पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। इसमें 10 लाख सरकारी नौकरियां, किसानों की कर्ज माफी और हर महीने 300 यूनिट तक फ्री बिजली देने का वादा किया। कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में भारी-भरकम दावे किए, लेकिन इसमें वादों से ज्यादा विवादों की छाया नजर आ रही है।
घोषणा पत्र में है...
पार्टी ने अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलकर सरदार पटेल करने का ऐलान किया। वहीं, बिलकिस बानो गैंगरेप केस के दोषियों की रिहाई रद्द कर उन्हें फिर जेल भेजने की बात भी कही। एक न्यूज चैनल से बात करते हुए पार्टी नेता मधूसूदन मिस्त्री ने तो यह तक कह दिया कि मोदी कभी पटेल नहीं बन सकते। उन्होंने कहा- इस चुनाव में उन्हें औकात दिख जाएगी।
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा कि सत्ता में आने पर 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इनमें महिलाओं को 50% आरक्षण मिलेगा। सरकारी की भर्ती में भ्रष्टाचार और बार-बार पेपर लीक होने की घटनाओं को रोकने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का वादा भी किया गया है। साथ ही बेरोजगारों को 3000 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया है।
कांग्रेस ने किसानों की कर्ज माफी करने, हर घर को 300 यूनिट तक फ्री बिजली देने जैसे वादे भी शामिल हैं। नीचे दिए ग्राफिक में गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के 10 बड़े वादों के बारे में जान सकते हैं...

1. गृहणियों के लिए- कांग्रेस ने वचनपत्र में कहा है कि गृहणियों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। गैंस सिलेंडर पर बाकी के रुपए सरकार सब्सिडी के रूप में भरेगी।
2. छात्रों के लिए- छात्रों की शिक्षा के लिए विशेष योजनाएं बनाई जाएगी। उच्च शिक्षा की फीस में 20% की कमी की जाएगाी। अन्य सेवा शुल्क खत्म किए जाएंगे।
3. किसानों के लिए- किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे। तालाब बनाने के लिए सरकार सब्सिडी देगी। नहर से खेत तक फ्री में पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
4. दलित-ओबीसी और अल्पसंख्यकों के लिए- स्थानीय निकाय चुनावों में इन समुदायों को आरक्षण दिया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में भी प्राथमिकता देकर अंत्योदय के सिद्धांतों को लागू किया जाएगा।
5. पंचायत सेवकों के लिए- पंचायतों से छीनी गई शक्तियां उन्हें वापस लौटाईं जाएंगी। भ्रष्टाचार की रोकथाम और मनरेगा के लिए समय पर भुगतान को प्राथमिकता दी जाएगी।
मेनिफेस्टो जारी करने से पहले गुजरात कांग्रेस के नेताओं के साथ राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने मीटिंग की। गहलोत पार्टी के इलेक्शन ऑब्जर्वर हैं।
मेनिफेस्टो जारी करने से पहले गुजरात कांग्रेस के नेताओं के साथ राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने मीटिंग की। गहलोत पार्टी के इलेक्शन ऑब्जर्वर हैं।
6 लाख लोगों से पूछकर बनाया मेनिफेस्टो
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- कांग्रेस हमेशा से मेनिफेस्टो को महत्व देती है। सोनिया गांधी का सख्त निर्देश रहता था कि मेनिफेस्टो को प्रायोरिटी में रखें। उन्होंने कहा- राहुल गांधी ने जो वचन दिए हैं, वो हर हाल में पूरा किया जाएगा। 6 लाख लोगों से पूछकर हमने मेनिफेस्टो बनाया है।

शाहरुख खान को मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम ने रोका:शारजाह से 18 लाख की घड़ियां लाए थे