This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive

गुना। (गरिमा टीवी न्यूज़) गुना जिले के एनएच-46 पर उस समय बड़ी रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई जब एनपीजी गैस से भरा टेंकर आग के गोले में तब्दील हो गया। जानकारी के अनुसार रविवार को धरनावदा थाना क्षेत्र के रुठियाई में एक एलपीजी गैस से भरा टैंकर अचानक चलते-चलते धधकते हुए अग्निगोले में तब्दील हो गया। पंचवटी होटल के पास मुख्य मार्ग पर हुई इस खौफनाक घटना से पूरे इलाके में महाविस्फोट का ऐसा खौफ पैदा हुआ कि राहगीरों से लेकर प्रशासन तक के हाथ-पांव फूल गए। आसमान छूतीं आग की गगनचुंबी लपटों और जहरीले धुएं के गुबार को देखकर लोग अपनी गाडिय़ां छोड़कर भागने लगे।
हादसे के बारे में एसपी हितिका वासल ने बताया कि टेंकर की बैट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी जो टायर में लग गई। बाद में उसने टेंकर को अपनी चपेट में ले लिया। कोई जनहानि न हो इसलिए हाईवे के दोनों ओर एक-एक किमी दूर यातायात रूकवाया गया है। अब स्थिति नियंत्रण में है और टेंकर की कूलिंग की जा रही है।
यह हादसा सामान्य नहीं था, क्योंकि टैंकर में अत्यधिक ज्वलनशील एलपीजी गैस भरी हुई थी। आग की भीषणता को देखते हुए सबसे बड़ा डर यह था कि यदि अत्यधिक दबाव के कारण टैंकर में ब्लास्ट हो जाता, तो कई किलोमीटर का इलाका इसकी जद में आ जाता और भारी तबाही मच सकती थी। इसी महाविस्फोट के खतरे को भांपते हुए गेल और जिला प्रशासन की फायर फाइटिंग टीमें सीधे टैंकर के करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थीं। दमकलकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर काफी सुरक्षित दूरी से ही टैंकर पर पानी और स्पेशल केमिकल फोम की बौछारें डालना शुरू किया। दमकलें काफी दूर से ही आग बुझाने और टैंकर को ठंडा रखने का अथक प्रयास करती रहीं, ताकि किसी भी तरह से गैस ब्लास्ट को रोका जा सके।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए भोपाल तक हडक़ंप मच गया और जिला प्रशासन तुरंत हाई अलर्ट मोड पर आ गया। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के कड़े निर्देशों के बाद एसडीएम, भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने मोर्चा संभाला। टैंकर फटने की आशंका के चलते प्रशासन ने त्वरित और बड़ा फैसला लेते हुए पंचवटी होटल के आसपास के पूरे इलाके को खाली करा दिया। कड़े सुरक्षा घेरे के बीच एनएच-46 पर घटनास्थल के दोनों ओर कई किलोमीटर पहले ही वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया गया। इस आपातकालीन ब्लॉक के कारण हाईवे पर गाडिय़ों के पहिए पूरी तरह थम गए और देखते ही देखते वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे भीषण जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
अधिकारियों ने मौके पर डटकर राहत और बचाव कार्यों की खुद कमान संभाली और आम जनता को घटनास्थल से कोसों दूर रखा। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और फायर ब्रिगेड की सूझबूझ से टैंकर को लगातार कूलिंग दी गई, जिसके चलते एक बहुत बड़ा और भयानक हादसा होने से टल गया। जब फायर टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और तकनीकी रूप से टैंकर का खतरा पूरी तरह समाप्त हो गया, तब जाकर प्रशासन और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शाम को सुरक्षा मापदंडों को जांचने के बाद हाईवे पर लगे लंबे जाम को खुलवाकर यातायात को दोबारा सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया है।
गुना एसपी हितिका वासल ने कहा कि कलेक्टर ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी, तुरंत दोनों का एक-एक किमी का यातायात रोक दिया गया था। ताकि कोई जनहानि न हो। हमारे पुलिस टीम मौके पर है और मॉनिटरिंग कर रहे हैं।जबकि एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे ने कहा कि एबी रोड पर गादेर घाटी के पास एलपीजी का टेंकर था, जो गुजरात से आ रहा था। ड्रायवर ने बताया कि बैट्री में अचानक से शॉर्ट सर्किट लगने से आग लग गई। पहले अंदर लगी फिर टायर में आग लग गई, जिसे टेंकर को अपनी चपेट में ले लिया। तत्काल हमने गेल सहित अन्य जगहों से फायर बिग्रेड बुलवाकर आग पर काबू पाया गया। चूंकि इसमें एनपीजी भरी थी इसलिए थोड़ी गंभीर स्थिति थी लेकिन स्थिति नियंत्रण में है, दोनेां ओर से यातायात भी रोका गया था। घटना शाम 5 बजे के करीब की है। आग पर काबू पा लिया गया, अब कूलिंग का काम चल रहा है।- दीपा, डोडवे, एसडीओपी राघौगढ़

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive

गुना। (गरिमा टीवी न्यूज़) भारतीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप सी के संभागीय अध्यक्ष सचेंद्र तिवारी ने बताया कि डाक विभाग की अस्मिता की रक्षा और डाक कर्मचारियों के अधिकारों के लिए एक व्यापक राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध आंदोलन भारतीय डाक कर्मचारी महासंघ द्वारा 5 जून 2026 को डाक विभाग के सचिव को आंदोलन की सूचना दिल्ली में दे दी गई हैं। डाक विभाग को बर्बादी से बचने और विदेशी कंपनी "मैकेंजी" के इशारे पर किए जा रहे निजीकरण के प्रयासों का पुरजोर विरोध करने, तथा टारगेट के नाम पर डाक कर्मियों पर बनाए जा रहे अनुचित मानसिक दबाव के खिलाफ भारतीय डाक कर्मचारी महासंघ लामबंद हो चुका है।
गुना संभाग में इस चरणबद्ध आंदोलन को सफल बनाने के लिए एक मीटिंग का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने विभाग द्वारा टारगेट के नाम पर कर्मचारियों का आर्थिक एवं मानसिक शोषण रोकने की मांग पुरजोर तरीके से रखी। चरणबद्ध आंदोलन की प्रमुख मांगे हैं। रिक्त पदों को शीघ्र भरना, निजीकरण की ओर बढ़ते कदमों को रोकना, टारगेट के नाम पर कर्मचारियों का शोषण बंद हो, रेल डाक सेवा की शीघ्र बहाली, भ्रष्टाचार पर रोक, कैडर रिस्ट्रक्चरिंग व विकेंद्रीकरण पर रोक, पुरानी डाक वितरण प्रणाली की बहाली, राष्ट्रीय श्रम दिवस की घोषणा आदि प्रमुख मांगे हैं
भारतीय डाक कर्मचारी महासंघ द्वारा जो चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा बनाई गई है उसे सफल बनाने के लिए गुना ग्रुप सी के संभागीय सचिव केके भार्गव, ख़जांची गजेंद्र टांडेल, आलोक कटिहार, रमेश साहू अर्पित श्रीवास्तव, राकेश कुमार,आदर्श रघुवंशी पोस्टमैन के संभागीय अध्यक्ष अभिषेक दुबे,सचिव अजय साहू, कोषाध्यक्ष सुधीर वर्मा, ग्रामीण डाक सेवक के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा , सचिव रवि राव पाटिल कोषाध्यक्ष मोहन बंजारा, अमित राठौर, अशोकनगर के सचिव भूपेंद्र रघुवंशी, हरिओम करेले, चेतन सोनकर आदि डाक कर्मचारियों ने समस्त डाक कर्मचारियों से इस चरणबद्ध आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है
-----------------------------
अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त ट्रैक्टर लोडर जब्त
गुना जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग द्वारा मकसूदगढ़ क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर लोडर को जब्त किया गया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम उकावद स्थित गुंजरी नदी में ट्रैक्टर लोडर से अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन किया जा रहा था। खनिज विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर चौकी उकावद में सुरक्षित अभिरक्षा में खड़ा कराया। प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनिज अधिकारी सचिन वर्मा ने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं रॉयल्टी के दुरुपयोग पर विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कार्रवाई में प्रभारी खनिज निरीक्षक श्री विजय चक्रवर्ती सहित विभागीय अमला उपस्थित रहा।

User Rating: 4 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Inactive

गुना।(गरिमा टीवी न्यूज़) आस्था और उल्लास के साथ इस वर्ष भी गुना शहर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। यह गुना में पांचवीं जगन्नाथ रथ यात्रा होगी।
आयोजक राजीव सोनी मित्र मंडल के अनुसार यात्रा 16 जुलाई 2026, गुरुवार को दोपहर 2:00 बजे कैंट गुलाबगंज स्थित हनुमान मंदिर से प्रारंभ होगी।
मंदिर से शुरू होकर रथ यात्रा हनुमान चौराहा, सराफा बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरेगी। रास्ते भर श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे।
राजीव सोनी मित्र मंडल ने बताया कि हम गुना में 2018 से लगातार जगन्नाथ रथ यात्रा निकालते आ रहे हैं। हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। इस बार भी यात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
रथ को विशेष रूप से सजाया जाएगा और यात्रा में भजन मंडलियां, ढोल-ताशे और झांकियां शामिल होंगी। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
प्रशासन से यात्रा के लिए रूट पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के इंतजाम करने का आग्रह भी किया गया है।
----------------------------------
वन विभाग की 100 बीघा भूमि अतिक्रमण मुक्त, तीन मकानों को जेसीबी से हटाया
गुना गुना जिले के ग्राम बजरंगगढ़ में वन विभाग को आवंटित शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। तहसीलदार सुनील वर्मा के नेतृत्व में गठित संयुक्त राजस्व दल ने पुलिस, वन विभाग एवं एमपीआरडीसी के सहयोग से अभियान चलाकर लगभग 20 हेक्टेयर (करीब 100 बीघा) भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
टीम ने ग्राम बजरंगगढ़ के सर्वे क्रमांक 1211/1/2 एवं 1211/2 स्थित वन विभाग को आवंटित भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्यवाही में अतिक्रमित भूमि पर निर्मित तीन मकानों को जेसीबी की सहायता से हटाया गया। साथ ही भूमि पर बोई गई मक्का की फसल को भी हटाकर शासकीय भूमि को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इसके बाद भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जेसीबी से ट्रेंच लाइन (खाई) खोदी गई तथा भूमि का विधिवत आधिपत्य वन विभाग को सौंप दिया गया। कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक शत्रुघ्न रघुवंशी, पटवारी नरेंद्र धाकड़, प्रमोद सुधीर सहित पुलिस बल, एमपीआरडीसी एवं वन विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active

गुना । (गरिमा टीवी न्यूज़ ) गुना जिले के बमौरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आकोदा गांव के पास वन भूमि में बने ट्रेंच गड्ढे से बुधवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। शव लगभग 5-7 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक बैठी हुई अवस्था में मिट्टी में धंसा हुआ मिला। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष आंकी गई है। मृतक ने अंडरवियर और बनियान पहन रखी थी। पहचान के लिए दाहिने बाजू में ताबीज और कलाई पर काला धागा बंधा हुआ है।
मामले की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मृतक ने दोनों हाथों में सर्जिकल ग्लब्ज पहन रखे थे। इससे पुलिस को आशंका है कि यह हत्या का मामला हो सकता है और शव को यहां लाकर फेंका गया है।
पुलिस ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को मृतक का हुलिया भेजकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

User Rating: 5 / 5

Star ActiveStar ActiveStar ActiveStar ActiveStar Active

गुना।(गरिमा टीवी न्यूज़ ) गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और उनकी टीम द्वारा मारपीट के 06 वर्ष पुराने एक प्रकरण में फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार किया है ।
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में आरोपी सोनू प्रजापति निवासी बूढ़े बालाजी गुना के द्वारा मारपीट की एक घटना को लेकर उसके विरूद्ध गुना कोतवाली में अप.क्र. 403/20 धारा 341, 323, 294, 506, 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज हुआ था, उक्त प्रकरण में आरोपी के न्यायालयीन कार्यवाही से लगातार फरार रहने पर न्यायालय गुना से न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 807/20 में उसकी गिरफ्तारी हेतु स्थाई वारंट जारी हुआ था । 10 जुलाई 2026 को मुखबिर सूचना पर गुना कोतवाली पुलिस द्वारा तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए प्रकरण में लंबे समय से फरार वारंटी सोनू उर्फ मुर्गी पुत्र फूलचंद प्रजापति उम्र 28 साल निवासी बूढ़े बालाजी गुना को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया ।
गुना कोतवाली पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सूर्येन्द्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक दिलीप सेन एवं सैनक निजाम शाह की सराहनीय भूमिका रही है ।
------------------------------------------
07 वर्ष पुराने प्रकरण में फरार वारंटी गिरफ्तार
गुना म्याना थाना पुलिस द्वारा मारपीट के 07 वर्ष पुराने एक प्रकरण में लंबे समय से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार किया है ।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में आरोपी झनक सिंह अहिरवार निवासी ग्राम देवपुर के द्वारा मारपीट की एक घटना को लेकर उसके विरुद्ध म्याना थाने में अप.क्र. 261/19 धारा 325, 323, 294, 506, 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज हुआ था । उक्त प्रकरण में आरोपी के न्यायालयीन कार्यवाही से लगातार फरार रहने पर माननीय न्यायालय गुना द्वारा न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 1717/19 में आरोपी के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था ।
10 जुलाई 2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर म्याना थाना पुलिस द्वारा प्रकरण में लंबे समय से फरार स्थाई वारंटी झनक सिंह पुत्र मिश्रीलाल अहिरवार उम्र 40 साल निवासी ग्राम देवपुर थाना म्याना जिला गुना को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया ।
म्याना थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया के नेतृत्व में ऊमरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बुंदेल सिंह सुनेरिया, प्रधान आरक्षक सुजीत सिंह सिकरवार, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा, आरक्षक सुनील यादव एवं महिला आरक्षक पूनम रघुवंशी का सराहनीय योगदान रहा है ।

© 2017 Your Company. All Rights Reserved. Designed By WarpTheme